उत्तराखंड में कांग्रेस के घोषणा पत्र में शामिल होंगे कर्मचारियों, युवाओं और बेरोजगारों से जुड़े विषय………

देहरादून: उत्तराखंड के कर्मचारियों, युवाओं और बेरोजगारों की मांगों को राष्ट्रीय स्तर पर उठाने के उद्देश्य से प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल और नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य की अगुआई में उत्तराखंड के विभिन्न कर्मचारी संगठनों व बेरोजगार संघ के प्रतिनिधिमंडल ने दिल्ली में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से मुलाकात की।

इस अवसर पर राहुल गांधी ने आश्वस्त किया कि कर्मचारियों, युवाओं व बेरोजगारों से जुड़े मुद्दों को पार्टी अपने घोषणा पत्र में शामिल करेगी।

मुलाकात के दौरान पुरानी पेंशन बहाली संयुक्त मोर्चा, उपनल कर्मचारी संगठन, नर्सिंग कर्मचारी सघ और उत्तराखंड बेरोजगार संघ के प्रतिनिधियों ने अपनी मांगों को नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के सम्मुख विस्तार से रखा।

इस अवसर पर पुरानी पेंशन व्यवस्था बहाल करने, उपनल कर्मचारियों के नियमितीकरण व सेवा संबंधी समस्याओं के समाधान, नर्सिंग कर्मचारियों की मांगों तथा बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार और भर्ती प्रक्रिया से जुड़े विषयों पर चर्चा हुई।

राहुल गांधी ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुना और कहा कि इन सभी का विस्तृत अध्ययन कराया जाएगा। साथ ही आश्वस्त किया कि कर्मचारियों, युवाओं और बेरोजगारों से संबंधित महत्वपूर्ण मुद्दों को कांग्रेस के आगामी घोषणा पत्र में शामिल किया जाएगा।

प्रतिनिधिमंडल में उत्तराखंड बेरोजगार संघ के राम कंडवाल, सुरेश सिंह, नितिन दत्ता, बिट्टू वर्मा, उपनल कर्मचारी संगठन के विनोद गोदियाल, महेश भट्ट, विनय प्रसाद, नर्सिंग कर्मचारी संघ के नवल पुंडीर, राजेंद्र कुकरेती, सीरा बधानी, पुरानी पेंशन बहाली संंयुक्त मोर्चा के बीपी सिंह रावत, वीएस रावत, मनोज अवस्थी आदि शामिल रहे। उन्होंने कहा कि अब लंबे समय से लंबित मांगों को राष्ट्रीय स्तर पर उठाए जाने की उम्मीद जगी है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *