उत्तराखंड में भाजपा निकालेगी 2488 किमी की जन विश्वास यात्रा, होंगी 26 जनसभाएं……..

हरिद्वार: भाजपा की प्रदेश सह प्रभारी बांसुरी स्वराज ने बताया कि गढ़वाल क्षेत्र की जन विश्वास यात्रा 25 दिसंबर को उत्तरकाशी के गंगोत्री धाम से शुरू होकर नौ जनवरी 2027 को देहरादून में संपन्न होगी। वहीं, कुमाऊं क्षेत्र की यात्रा 27 दिसंबर को चंपावत विधानसभा क्षेत्र के गोलू देवता मंदिर से शुरू होकर सात जनवरी 2027 को हल्द्वानी में संपन्न होगी।

दोनों यात्राओं के तहत कुल 2488 किलोमीटर का सफर तय किया जाएगा और 26 जनसभाएं आयोजित होंगी। कहा कि यात्रा का उद्देश्य प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में जनता से सीधा संवाद स्थापित करना, उनकी अपेक्षाओं को समझना और भाजपा के विकास एवं जनसेवा के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाना है।

भाजपा प्रदेश सह प्रभारी अरविंद मेनन ने कार्यकर्ताओं को एकजुटता और टीमवर्क का मंत्र दिया। उन्होंने उत्तराखंड के लोकगीत ”बेडूपाको बारह मास, काफल पाकोचैता से संबोधन की शुरुआत करते हुए कहा कि संगठन को प्रदेश की लोकसंस्कृति और जनभावनाओं से जुड़कर काम करना होगा।

मेनन ने कहा कि युवा मोर्चा युवाओं, महिला मोर्चा महिलाओं और किसान मोर्चा किसानों के बीच सक्रिय भूमिका निभाए। सभी मोर्चे अपने पूर्व पदाधिकारियों को भी सक्रिय कर मंडल और शक्ति केंद्र स्तर तक संगठन मजबूत करें। उन्होंने केयरिंग, शेयरिंग और ग्रोइंग के सिद्धांत पर काम करने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि अटल आयुष्मान योजना, सीमांत सड़क योजना, घस्यारी योजना, नंदा गौरा योजना, वात्सल्य योजना और पूर्व सैनिकों से जुड़ी योजनाओं की जानकारी बूथ स्तर तक पहुंचाना कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है। छोटी बैठकों और व्यक्तिगत संवाद से अधिकाधिक लोगों को संगठन से जोड़ना होगा।

उन्होंने चुनावी लक्ष्य स्पष्ट करते हुए कहा कि सभी कार्यकर्ताओं के मन में एक ही संकल्प होना चाहिए एक ही रटन, कमल बटन। टीमवर्क के बूते उत्तराखंड में तीसरी बार भाजपा सरकार बनाने के लिए जुटना होगा।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *