उत्तराखंड की राजधानी में परेड मैदान 15 अगस्त को जीरो जोन, कई रूट बदलेंगे, डिटेल मिस मत करना…..…
देहरादून: 80वें स्वतंत्रता दिवस पर देहरादून के परेड ग्राउंड में होने वाले मुख्य समारोह के लिए पुलिस ने यातायात और सुरक्षा व्यवस्था का प्लान जारी कर दिया है। कार्यक्रम के दौरान परेड ग्राउंड के चारों ओर का इलाका पूरी तरह जीरो जोन रहेगा। वीआईपी और पासधारक वाहनों को ही निर्धारित प्वाइंट से आगे जाने की अनुमति होगी।
डीएम आशीष चौहान व एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने परेड ग्राउंड का स्थलीय निरीक्षण किया। इसके बाद एसएसपी ने अफसरों की बैठक लेकर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। संपूर्ण पुलिस व्यवस्था की जिम्मेदारी एसपी क्राइम जितेंद्र चौधरी को दी गई है।
कार्यक्रम स्थल को चार सेक्टर, दो कॉर्डन में बांटा
सुरक्षा के लिए कार्यक्रम स्थल को चार सेक्टर और दो कॉर्डन में बांटा गया है। इनकी कमान सीओ स्तर के अधिकारियों के पास होगी। आयोजन स्थल के आसपास 12 इनर और आउटर प्वाइंट पर बैरियर लगाकर पुलिस बल तैनात किया जाएगा।
छह आउटर प्वाइंट-ईसी रोड सर्वे चौक, बुद्धा चौक, दर्शनलाल चौक और पैसिफिक तिराहा समेत अन्य निर्धारित स्थानों से केवल वीआईपी और पासधारक वाहन ही प्रवेश कर सकेंगे।
पांच इनर प्वाइंट-रोजगार तिराहा, कनक चौक, लैंसडौन चौक और कॉन्वेंट तिराहा समेत अन्य स्थानों से पासधारकों को छोड़कर किसी वाहन को आगे नहीं जाने दिया जाएगा। वीआईपी वाहन गेट नंबर एक से प्रवेश कर मंच के पीछे पार्क होंगे।
पब्लिक ट्रांसपोर्ट रूट भी बदलेंगे
धर्मपुर,रायपुर, आईएसबीटी, प्रेमनगर व राजपुर रूट के विक्रम आयोजन स्थल से पहले ही सहस्रधारा क्रॉसिंग,रेलवे गेट, तहसील चौक से वापस भेजा जाएगा। सिटी बसों के रूट में भी बदलाव रहेगा। आईएसबीटी से राजपुर जाने वाली बसें दर्शनलाल चौक से घंटाघर होते हुए जाएंगी। रिस्पना और रायपुर की ओर से आने वाली बसों को भी डायवर्ट किया जाएगा।
यहां पार्क होंगे वाहन
आमजन, परेड प्रतिभागियों,पुलिस व मीडिया के वाहन रेंजर्स ग्राउंड, मंगला देवी इंटर कॉलेज और दून क्लब में पार्क होंगे। यहां से दर्शक पैदल गेट नंबर चार और पांच से कार्यक्रम स्थल तक पहुंचेंगे। राजपुर रोड से आने वाले दर्शक सेंट जोसेफ स्कूल के किनारे और लार्ड वेंकटेश वेडिंग प्वाइंट में वाहन पार्क कर सकेंगे।

