उत्तराखंड में नैनीताल के माल रोड पर अब हॉर्न बजाना होगा बैन, बदल जाएंगे कई ट्रैफिक नियम………..

नैनीताल: हाई कोर्ट के निर्देशों के अनुपालन में शहर की यातायात व्यवस्था को अधिक सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं पर्यटक-अनुकूल बनाने के लिए महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

तय किया गया कि पहली अगस्त से माल रोड पर वाहनों के हार्न बजाने पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाया जाएगा और उल्लंघन करने पर जुर्माना व अन्य वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। रूसी बाइपास बाइपास को आधुनिक पार्किंग के रूप में विकसित किया जाएगा। झील के चारों ओर नो पार्किंग व्यवस्था प्रभावी रहेगी।

झील के चारों ओर नो पार्किंग व्यवस्था रहेगी प्रभावी
मंडलायुक्त व कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत की अध्यक्षता में हुई अधिकारियों व स्टेक होल्डर की बैठक में तमाम निर्णय लिए गए। कमिश्नर ने कहा कि नैनीताल की माल रोड विशेष पहचान है, ऐसे में वाहनों के अनावश्यक हार्न से उत्पन्न ध्वनि प्रदूषण पर्यटकों के अनुभव को प्रभावित करता है।

मंडलायुक्त ने इस निर्णय का व्यापक प्रचार-प्रसार मीडिया, इंटरनेट मीडिया तथा जनसंपर्क के विभिन्न माध्यमों से करने के निर्देश दिए।

नो-पार्किंग जोन
बैठक में झील के आसपास यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए तल्लीताल डांठ से हनुमानगढ़ी बैंड तक के क्षेत्र को नो-पार्किंग जोन के रूप में प्रभावी ढंग से लागू करने का निर्णय लिया गया। पुलिस को इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

परिवहन विभाग एवं पुलिस विभाग यह सुनिश्चित करेंगे कि बिना वैध फिटनेस वाले कोई भी सरकारी अथवा निजी वाहन सड़कों पर संचालित न हों। ऐसे वाहनों को तत्काल सीज करते हुए नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इस संबंध में विशेष अभियान निरंतर संचालित किया जाएगा।

निजी वाहनों से अवैध टैक्सी संचालन पर होगी सख्त कार्रवाई
बैठक में निजी वाहनों का व्यावसायिक टैक्सी संचालन रोकने के लिए परिवहन एवं पुलिस विभाग को संयुक्त रूप से व्यापक अभियान चलाने तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध चालान एवं अन्य वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

रूसी बाईपास बनेगा आधुनिक पार्किंग हब
बैठक में रूसी बाईपास को अधिक क्षमता वाली आधुनिक पार्किंग के रूप में विकसित करने के संबंध में भी विस्तृत चर्चा हुई। निर्णय लिया गया कि जिलाधिकारी नैनीताल की ओर से निर्माण एजेंसी का चयन कर डीपीआर तैयार की जाएगी।

पार्किंग में पर्यटकों एवं वाहन चालकों की सुविधा के लिए शौचालय, पेयजल, विद्युत व्यवस्था, दुकानों, सीसीटीवी निगरानी सहित अन्य आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी।

बैठक में यह रहे मौजूद
आइजी कुमाऊं निवेदिता कुकरेती, डीएम ललित मोहन रयाल, एसएसपी डा. मंजूनाथ टीसी, एसपी सिटी, डा.जगदीश चंद्रा, डीडीए सचिव मनीष कुमार, आरटीओ गुरदेव सिंह, अरविंद पांडे, पालिका के अधिशासी अधिकारी रोहिताश शर्मा, होटल एसोसिएशन अध्यक्ष दिग्विजय सिंह बिष्ट, महासचिव वेद साह, दीपक मटियाली, रमेश जोशी, अमर सिंह आदि।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *