उत्तराखंड के सेवा पखवाड़े में गांव-गांव पहुंचेगी सरकार, 15 दिन तक लगेंगे विशेष शिविर……….

देहरादून: प्रदेश सरकार चार से 18 जुलाई तक पूरे उत्तराखंड में 15 दिवसीय सेवा पखवाड़ा आयोजित कर रही है। जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार अभियान के दूसरे चरण के तहत जिला, ब्लाक और तहसील स्तर पर बहुद्देशीय शिविर लगाए जाएंगे, जहां विभिन्न विभागों के अधिकारी मौके पर ही लोगों की समस्याओं का समाधान करेंगे और पात्र लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं से जोड़ेंगे।

मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने सभी विभागाध्यक्षों और जिलाधिकारियों को अभियान को समयबद्ध, प्रभावी और व्यापक जनभागीदारी के साथ संचालित करने के निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के पांच वर्ष का कार्यकाल पूरा होने पर प्रदेश सरकार सेवा, सुशासन एवं समर्पण की भावना से सेवा पखवाड़े का आयोजन कर रही है। इस दौरान विभिन्न विभाग अपनी जनकल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करेंगे। साथ ही पात्र व्यक्तियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा।

सरकार की जनहितकारी उपलब्धियों और विकास कार्यों की जानकारी भी आमजन तक पहुंचाई जाएगी। इन शिविरों में शिकायतों का मौके पर निस्तारण करने के साथ ही पात्र नागरिकों को विभिन्न सरकारी योजनाओं से भी आच्छादित किया जाएगा।

मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने निर्देश दिए हैं कि सेवा पखवाड़े के सभी कार्यक्रम सुव्यवस्थित ढंग से आयोजित किए जाएं और अधिक से अधिक लोग तक योजनाओं का लाभ पहुंचे।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया है कि अभियान के पहले चरण में जिन स्थानों पर बहुद्देशीय शिविर लगाए जा चुके हैं, वहां दोबारा शिविर आयोजित न किए जाएं, ताकि नए क्षेत्रों के लोग को भी इसका लाभ मिल सके।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *