उत्तराखंड में बढ़ा गर्मी का कहर: 40 डिग्री तक पहुंचेगा तापमान, हीट स्ट्रोक को लेकर अलर्ट जारी……….

देहरादून: उत्तराखंड में लगातार बढ़ रही गर्मी को देखते हुए मौसम विज्ञान विभाग ने आने वाले दिनों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना जताई है। इसके मद्देनजर राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने सभी जिलों को एडवाइजरी जारी कर सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं।

राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने जिलाधिकारियों और संबंधित विभागों को निर्देशित किया है कि अत्यधिक गर्मी और लू के प्रभाव को देखते हुए आमजन को दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचने तथा जरूरी सावधानियां अपनाने के लिए जागरूक किया जाए।

स्वास्थ्य विभाग को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश
हीट स्ट्रोक, डिहाइड्रेशन और गर्मी जनित बीमारियों के बढ़ते खतरे को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग को अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में पर्याप्त व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही पेयजल आपूर्ति और बिजली व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने पर भी जोर दिया गया है।

सरकार ने विद्यालयों, निर्माण स्थलों और बाहरी कार्यों में लगे श्रमिकों के लिए विशेष एहतियाती उपाय करने को कहा है। बच्चों, बुजुर्गों और बीमार व्यक्तियों जैसे संवेदनशील वर्गों के लिए अतिरिक्त सावधानी बरतने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।

देहरादून में अधिवक्ताओं को बड़ी राहत
भीषण गर्मी के बीच देहरादून जिला न्यायालय के अधिवक्ताओं को बड़ी राहत मिली है। अब अधिवक्ता बिना काला कोट पहने भी अदालत में उपस्थित होकर पैरवी कर सकेंगे। यह व्यवस्था 19 मई से लागू कर दी गई है।

बार एसोसिएशन देहरादून के पदाधिकारियों ने जिला जज से मुलाकात कर गर्मी के दौरान कोट पहनने से छूट देने की मांग की थी। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अनिल कुकरेती ने बताया कि लगातार बढ़ते तापमान और उमस के कारण अधिवक्ताओं को काफी परेशानी हो रही थी।

जिला जज द्वारा जारी आदेश के अनुसार अधिवक्ता निर्धारित ड्रेस कोड के अन्य नियमों का पालन करते हुए बिना काला कोट पहने अदालत में उपस्थित हो सकेंगे। अधिवक्ताओं ने इस फैसले को मानवीय और व्यावहारिक बताया है।

39 डिग्री के करीब पहुंचा तापमान, गर्म हवाओं ने बढ़ाई परेशानी
उत्तराखंड में मई की शुरुआत भले ही बारिश, बर्फबारी और तेज तूफान के साथ हुई हो, लेकिन पिछले कुछ दिनों से गर्मी ने अचानक तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। मैदान से लेकर पहाड़ तक तापमान लगातार बढ़ रहा है।

सोमवार को देहरादून का अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक 38.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 22.6 डिग्री रहा। सुबह से चिलचिलाती धूप और दिनभर चल रही गर्म हवाओं के कारण लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

पर्वतीय क्षेत्र मुक्तेश्वर में भी तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक 27.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। दोपहर के समय बाजारों में भीड़ कम दिखाई दी और लोग घरों में रहने को मजबूर रहे।

20 मई के बाद बदल सकता है मौसम
मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार 19 मई को प्रदेशभर में मौसम शुष्क बना रहेगा। हालांकि 20 से 24 मई के बीच पर्वतीय जिलों के कुछ हिस्सों में मौसम बदलने और हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं मैदानी इलाकों में गर्मी से फिलहाल राहत मिलने की उम्मीद कम है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *