उत्तराखंड को केंद्र सरकार ने दी बड़ी सौगात, नेशनल हाईवे से जुड़ेंगी राज्य की 4 प्रमुख सड़कें………
देहरादून: पर्वतीय और सीमांत क्षेत्रों की सड़क कनेक्टिविटी मजबूत करने के लिए उत्तराखंड सरकार की पहल पर केंद्र ने चार महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं को राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क से जोड़ने का भरोसा दिया है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के 24 जुलाई को किए अनुरोध के बाद केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने बताया कि राज्य सरकार के सभी प्रस्ताव संबंधित अधिकारियों को आवश्यक परीक्षण के लिए भेज दिए गए हैं।
प्रस्तावों में सिकुड़ा बैंड से एनटीडी (अल्मोड़ा) तक करीब एक किलोमीटर मोटर मार्ग को सुरंग समेत राष्ट्रीय राजमार्ग-309बी का हिस्सा बनाने की मांग शामिल है। इसके अलावा 45 किलोमीटर लंबे सेराघाट-बाड़ेछीना मार्ग और 72 किलोमीटर के मरचूला-भिकियासैंण मार्ग को राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क से जोड़ने का प्रस्ताव है।
वहीं 44 किलोमीटर लंबे कालसी-चकराता मार्ग को राष्ट्रीय राजमार्ग-707ए और 507 से जोड़ने का अनुरोध किया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन मार्गों के राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क से जुड़ने पर पर्वतीय क्षेत्रों में आवागमन सुगम होगा।
साथ ही पर्यटन, व्यापार और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने केंद्रीय मंत्री का आभार जताते हुए उम्मीद जताई कि प्रस्तावों पर जल्द सकारात्मक निर्णय होगा।

