उत्तराखंड में मौसम अलर्ट, अगले 3 घंटे में बिगड़ेगा मौसम, देहरादून समेत 7 जिलों के लिए चेतावनी जारी………..

देहरादून: उत्तराखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। सूचना एवं लोक संपर्क विभाग (DIPR) द्वारा जारी ताजा मौसम अलर्ट के अनुसार अगले तीन घंटों के दौरान राज्य के कई जिलों और चारधाम यात्रा मार्गों पर मौसम खराब रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली चमकने और तेज झोंकेदार हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है।

मौसम विभाग के अनुसार बागेश्वर, चमोली, देहरादून, पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग, टिहरी गढ़वाल और उत्तरकाशी जिलों के कुछ क्षेत्रों में तेज हवाओं और गर्जना के साथ बारिश की संभावना बनी हुई है।

चारधाम यात्रा मार्गों पर भी मौसम बिगड़ने के आसार
अलर्ट के अनुसार श्री केदारनाथ धाम, श्री बदरीनाथ धाम, श्री गंगोत्री धाम और श्री यमुनोत्री धाम सहित चारधाम यात्रा मार्गों पर भी मौसम अचानक बदल सकता है। यात्रा पर निकले श्रद्धालुओं को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।

मौसम विभाग ने मसूरी, ऋषिकेश, सोनप्रयाग, देवप्रयाग, श्रीनगर, देवाल, कपकोट, डीडीहाट, मुनस्यारी, चिरबासा, पुलम सुमड़ा, बड़कोट और कौसानी समेत आसपास के क्षेत्रों में भी गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना जताई है।

प्रशासन की अपील: सुरक्षित स्थानों पर रहें।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, ऊंचे पेड़ों और बिजली के खंभों से दूरी बनाए रखें। पर्वतीय क्षेत्रों में यात्रा कर रहे लोग मौसम की ताजा जानकारी लेकर ही आगे बढ़ें। चारधाम यात्रा पर निकले श्रद्धालुओं को भी मौसम को देखते हुए सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि कई क्षेत्रों में आकाशीय बिजली चमकने की संभावना है। ऐसे में खेतों, खुले मैदानों और ऊंचे स्थानों पर मौजूद लोगों को तुरंत सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी गई है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *