उत्तराखंड में कब से लग सकती है आचार संहिता? BJP का कार्यकर्ताओं को 9-सूत्रीय एक्शन प्लान……….

देहरादून: भाजपा सूत्रों के अनुसार, हरिद्वार में BJP की दो दिवसीय राज्य कार्यसमिति की बैठक हुई जिसमें आगामी चुनावों की तैयारियों की समीक्षा की गई। उत्तराखंड विधानसभा चुनाव के लिए आचार संहिता अगले साल हरिद्वार कुंभ के पहले शाही स्नान के बाद लागू हो सकती है। भाजपा सूत्रों की मानें तो हरिद्वार में आयोजित कार्यसमिति बैठक में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कार्यकर्ताओं को 9 सूत्रीय एक्शन प्लान बताया है। दो दिवसीय राज्य कार्यसमिति की बैठक में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शामिल हुए। इसमें आगामी चुनावों की तैयारियों की समीक्षा की गई।

कब लागू हो सकती है आचार संहिता ?
भाजपा सूत्रों ने बताया कि उत्तराखंड विधानसभा चुनाव को लेकर आचार संहिता अगले साल 14 जनवरी को होने वाले हरिद्वार कुंभ के पहले शाही स्नान के बाद लागू हो सकती है। चुनाव की तैयारियों को लेकर हरिद्वार के प्रेमनगर आश्रम में BJP की 2 दिवसीय राज्य कार्यसमिति की बैठक हुई जिसमें केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। इन नेताओं ने आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों की समीक्षा की।

12 जनवरी तक पूरा कर लें सभी प्रशासनिक काम, ऐक्शन प्लान
पार्टी सूत्रों ने बताया कि बैठक के बाद राज्य सरकार और पार्टी संगठन को निर्देश दिया गया है कि वे 12 जनवरी तक अपने सभी लंबित प्रशासनिक कार्यों और विकास परियोजनाओं को पूरा कर लें। वहीं केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए 9 सूत्रीय कार्य योजना पेश की। उन्होंने BJP कार्यकर्ताओं से कहा कि वे व्यक्तिगत हमले करने से परहेज करें। सभी को संगठनात्मक अनुशासन बनाए रखने को भी कहा गया है।

तथ्यों के आधार पर ही दें विपक्ष का जवाब
ऐक्शन प्लान के तहत भाजपा कार्यकर्ताओं को कहा गया है कि वे तथ्यों और आधिकारिक रिकॉर्ड के साथ ही विपक्ष के आरोपों का जवाब दें। पार्टी के कद्दावर नेता राजनाथ सिंह ने राज्य सरकार के कार्यों जैसे नकल विरोधी सख्त कानून और अवैध भूमि कब्जों के खिलाफ की गई कार्रवाई की सराहना की। उन्होंने राज्य में पार्टी की जीत को लेकर भरोसा जताया और कहा कि उत्तराखंड में भाजपा सरकार हिमालय की तरह अडिग है और गंगा की धारा की तरह निरंतर बह रही है।

साल 2017 से सत्ता में है भाजपा
उत्तराखंड की 70 सदस्यीय विधानसभा के लिए पिछला चुनाव फरवरी 2022 में हुआ था। पुष्कर सिंह धामी की अगुवाई वाली BJP ने 47 सीटें जीती थीं जो बहुमत के आंकड़े 35 सीटें से अधिक थीं। वहीं कांग्रेस केवल 19 सीटों पर ही सिमट गई थी। सूबे में भाजपा सरकार 2017 से ही सत्ता में है। अब वह तीसरे कार्यकाल के लिए संघर्ष करेगी। भाजपा की ओर से पुष्कर सिंह धामी जुलाई 2021 में मुख्यमंत्री बने थे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *