उत्तराखंड में बागेश्वर के असोज में मौसम ने बदले तेवर, ऊंची पहाड़ियों पर हिमपात के कारण अचानक बढ़ी ठंड………

बागेश्वर: असोज यानी सितंबर में मौसम ने अचानक तेवर बदल दिए हैं। जिले में दो दिन से लगातार हो रही बारिश के बाद पिंडारी समेत कपकोट के मल्ला दानपुर के उच्च हिमालयी क्षेत्रों की ऊंची पहाड़ियों पर हिमपात हुआ है।

बर्फबारी के साथ ही निचले इलाकों में ठंड ने दस्तक दे दी है। अचानक बढ़ी ठिठुरन से लोग हैरान हैं और गरम कपड़े निकालने के साथ घरों में आग सेंकने लगे हैं।

बारिश और हिमपात के कारण तापमान में गिरावट महसूस की जा रही है। सुबह और शाम ठंड का असर अधिक बढ़ गया है। सितंबर-अक्टूबर के इस दौर में सर्दी के तेवर देखकर लोग मौसम में आए इस बदलाव को लेकर चर्चा कर रहे हैं। कपकोट के हिमालयी गांवों में इसका असर अधिक महसूस किया जा रहा है।

हिमालयी गांव खाती के यामू सिंह, प्रकाश सिंह, तारा सिंह आदि ने बताया कि असोज में ही ऊंची चोटियों पर बर्फबारी होने से ठंड काफी बढ़ गई है। ग्रामीणों ने गरम कपड़े निकाल लिए हैं और ठंड से बचने के लिए आग जला रहे हैं।

उन्होंने बताया कि ग्रामीण इन दिनों खेती समेटने में जुटे थे, लेकिन बारिश और अचानक बढ़ी ठंड से काम प्रभावित हो रहा है। मौसम के इसी तरह बने रहने पर फसल समेटने को लेकर ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *