उत्तराखंड में दायित्व बंटवारा: चार प्रमुख परिषदों में 16 नए सदस्यों की नियुक्ति, शासन ने जारी किया आदेश………
देहरादून: परिषदों में नवनियुक्त सदस्यों का कार्यकाल कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से प्रभावी होगा। इस सूची में सर्वाधिक हिस्सेदारी उधमसिंह नगर और देहरादून जिले के नेताओं व समाजसेवियों को मिली है। उत्तराखंड में चार प्रमुख परिषदों में 16 नए सदस्य नियुक्त किए गए हैं। शासन ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिया है।
सभी नवनियुक्त सदस्यों का कार्यकाल कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से प्रभावी होगा। इस सूची में सर्वाधिक हिस्सेदारी उधमसिंह नगर और देहरादून जिले के नेताओं व समाजसेवियों को मिली है। जारी सूची के अनुसार, उत्तराखंड राज्य अल्पसंख्यक हुनर परिषद में सबसे अधिक नौ सदस्यों को स्थान दिया गया है। इनमें ऊधमसिंह नगर से सर्वाधिक छह सदस्य हरलोक सिंह नामधारी (गदरपुर), सीमा कौर (बाजपुर), रमेश सिंह (काशीपुर), महेन्द्र सिंह (सितारगंज), मनजीत सिंह बिट्टा (गदरपुर) और जगजीत सिंह मल्ली शामिल हैं।
इनके अलावा हरिद्वार से ओमकार जैन, नैनीताल के मल्लीताल से गजाला कमाल और देहरादून के विजय पार्क निवासी खालिद हसन उर्फ आजाद को परिषद का सदस्य नामित किया गया है।
इसी क्रम में उत्तराखंड जनजाति सलाहकार परिषद में चार सदस्यों की नियुक्ति की गई है। इनमें देहरादून के चकराता क्षेत्र से अनुराधा और लोअर तुनवाला निवासी धामी लाल कोषवाल, उधमसिंह नगर के सितारगंज से पुष्कर सिंह और रुद्रप्रयाग से पूर्व सैनिक एवं योगा शिक्षक पदमेन्द्र सिंह कुंवर को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
वहीं, उत्तराखंड राज्य सहकारी परिषद में डोईवाला (देहरादून) के पुरुषोत्तम डोभाल और गदरपुर (ऊधमसिंह नगर) के अमरजीत सिंह को सदस्य बनाया गया है। इसके अतिरिक्त उत्तराखंड संस्कृति, साहित्य एवं कला परिषद में देहरादून की सरोजनी सेमवाल को सदस्य नामित किया गया है।

