उत्तराखंड में वीकेंड पर हल्द्वानी से पहाड़ तक बदले रहेंगे रास्ते, डायवर्जन प्लान जारी……..
नैनीताल: वीकेंड और अवकाश के दौरान नैनीताल, भवाली, भीमताल और कैंची धाम क्षेत्र में पर्यटकों एवं श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए नैनीताल पुलिस ने यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान जारी किया है। यह व्यवस्था 14 और 15 नवंबर 2026 को लागू रहेगी। इसके तहत पर्वतीय मार्गों पर भारी वाहनों के आवागमन पर प्रतिबंध लगाने के साथ ही विभिन्न रूटों पर डायवर्जन, पार्किंग और शटल सेवा की व्यवस्था की गई है। हल्द्वानी शहर के लिए भी अलग यातायात प्लान निर्धारित किया गया है।
पुलिस के अनुसार, भवाली-भीमताल और कैंची धाम क्षेत्र में भारी वाहनों का आवागमन सुबह 3 बजे से रात 11 बजे तक प्रतिबंधित रहेगा। इस दौरान भारी वाहनों को जनपद की सीमा पर रोका जाएगा। वहीं, बसों एवं चौपहिया वाहनों के लिए सुबह 5 बजे से रात 8 बजे तक रूट डायवर्जन प्रभावी रहेगा।
पर्वतीय मार्गों पर इस तरह रहेगा डायवर्जन
अल्मोड़ा, जागेश्वर, बागेश्वर और पिथौरागढ़ से मैदानी क्षेत्रों की ओर आने वाले वाहन लमगड़ा, धनाचूली, धारी, खुटानी बैंड और भीमताल होते हुए अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे। वहीं हल्द्वानी, काठगोदाम और मैदानी क्षेत्रों से इन पर्वतीय स्थानों की ओर जाने वाले वाहन खुटानी बैंड, भीमताल, धारी और धनाचूली बैंड के रास्ते भेजे जाएंगे।
काठगोदाम से रानीखेत जाने वाले वाहनों को खुटानी बैंड से मुक्तेश्वर और रामगढ़ मार्ग की ओर डायवर्ट किया जाएगा। भीमताल, नैनीताल और ज्योलीकोट से खैरना, गरमपानी एवं बेतालघाट जाने वाले स्थानीय वाहन दूनीखाल-रातीघाट मोटर मार्ग का उपयोग कर सकेंगे।
भीमताल से अल्मोड़ा, रानीखेत और कैंची धाम जाने वाले वाहनों को नैनी बैंड प्रथम, सैनेटोरियम बाईपास मोटर मार्ग और शिप्रा पुल भवाली होते हुए भेजा जाएगा।
कैंची धाम जाने वालों के लिए पार्किंग और शटल व्यवस्था
कैंची धाम पहुंचने वाले पर्यटकों एवं श्रद्धालुओं के निजी वाहनों के लिए अलग-अलग पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं। भीमताल की ओर से आने वाले निजी वाहन विकास भवन पार्किंग, भीमताल में खड़े किए जाएंगे। यहां से स्थानीय शटल सेवा के माध्यम से भवाली और कैंची धाम मंदिर तक पहुंचने की व्यवस्था रहेगी।
वहीं, नैनीताल मार्ग से आने वाले निजी वाहन भवाली सैनेटोरियम पार्किंग में पार्क होंगे। यहां से श्रद्धालु एवं पर्यटक शटल सेवा के माध्यम से कैंची धाम मंदिर पहुंच सकेंगे।
वीकेंड के दौरान कैंची धाम क्षेत्र में टैक्सी और दोपहिया वाहनों के आवागमन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। इसमें पीली नंबर प्लेट वाले दोपहिया वाहन भी शामिल हैं।
हल्द्वानी शहर के लिए भी अलग ट्रैफिक प्लान
हल्द्वानी शहर में 14 और 15 नवंबर को सुबह 9 बजे से रात 10 बजे तक विशेष यातायात एवं डायवर्जन प्लान लागू रहेगा।
बरेली रोड से आने वाले और पर्वतीय क्षेत्रों की ओर जाने वाले वाहन तीनपानी फ्लाईओवर से गोलापार रोड होते हुए नारीमन तिराहा काठगोदाम से अपने गंतव्य को जाएंगे।
रुद्रपुर की ओर से आने वाले पर्वतीय क्षेत्र के वाहनों को पंतनगर तिराहा (दिनेशपुर मोड़) से एनएच-109 नए हाईवे होते हुए लालकुआं, तीनपानी फ्लाईओवर, गोलापार रोड और नारीमन तिराहा के रास्ते भेजा जाएगा। जो वाहन हल्द्वानी शहर में प्रवेश कर जाएंगे, उन्हें गन्ना सेंटर से डायवर्ट कर तीनपानी फ्लाईओवर और गौला रोड होते हुए नारीमन तिराहा की ओर भेजा जाएगा।
रामनगर और बाजपुर से पर्वतीय क्षेत्रों की ओर जाने वाले वाहनों को कालाढूंगी नैनीताल तिराहे से मंगोली की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
भारी वाहनों की आवाजाही पर रहेगी सख्ती
यात्रा मार्ग पर 14 और 15 नवंबर को सुबह 3 बजे से रात 11 बजे तक भारी वाहनों का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। आवश्यक सेवाओं से जुड़े भारी वाहन जैसे सब्जी, फल, ईंधन, गैस और दूध आदि की आवाजाही पर भी दोपहर 2 बजे से रात 11 बजे तक प्रतिबंध लागू रहेगा।
पर्वतीय क्षेत्रों से हल्द्वानी आने वाले भारी वाहनों को सुबह 3 बजे से रात 11 बजे तक जनपद सीमा पर रोका जाएगा। इसके बावजूद शहर की ओर पहुंचने वाले भारी वाहनों को नंबर-1 बैंड के पीछे सड़क के बाईं ओर तथा पुलिस चौकी सलड़ी क्षेत्र में अमृतपुर मोड़ से अंदर पार्क कराया जाएगा।
काठगोदाम क्षेत्र में यातायात का दबाव बढ़ने पर दोपहर 3 बजे के बाद नैनीताल और भवाली से मैदानी क्षेत्रों की ओर जाने वाले पर्यटक वाहनों को मस्जिद तिराहे से नंबर-1 बैंड और रूसी बाईपास द्वितीय के रास्ते डायवर्ट किया जाएगा। ये वाहन रूसी बाईपास प्रथम होते हुए कालाढूंगी मार्ग से अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे।
हालांकि, पर्वतीय क्षेत्रों से हल्द्वानी आने वाली रोडवेज और केमू की बसें अपने निर्धारित मार्ग से ही संचालित होंगी।
नैनीताल पुलिस की अपील
नैनीताल पुलिस ने पर्यटकों, श्रद्धालुओं और आमजन से निर्धारित यातायात डायवर्जन, पार्किंग एवं शटल व्यवस्था का पालन करने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि यातायात नियमों का पालन करने और निर्धारित मार्गों का उपयोग करने से जाम की स्थिति से बचा जा सकेगा तथा सभी की यात्रा सुगम एवं सुरक्षित बनी रहेगी।

