उत्तराखंड में 40 ट्रेकर्स सुरक्षित रेस्क्यू, अभियान जारी, सीएम धामी लगातार ले रहे अपडेट………
उत्तरकाशी: उत्तरकाशी के उच्च हिमालयी क्षेत्रों में खराब मौसम और बर्फबारी के बीच फंसे ट्रेकर्स की सुरक्षित वापसी के लिए रेस्क्यू अभियान लगातार जारी है। कालिंदी ट्रेक के कालिंदी खाल क्षेत्र में फंसे ट्रेकर्स को सुरक्षित निकालने के लिए SDRF की विशेषज्ञ हाई-एल्टीट्यूड रेस्क्यू टीम सहित विभिन्न एजेंसियां अभियान में जुटी हैं। अब तक 11 ट्रेकर्स को सकुशल रेस्क्यू कर हर्षिल हेलीपैड पहुंचाया जा चुका है।
कालिंदी खाल क्षेत्र में फिलहाल बारिश और बर्फबारी के कारण रेस्क्यू कार्य प्रभावित हुआ है। SDRF के दो सदस्य शेष आठ ट्रेकर्स के साथ कालिंदी खाल ट्रैक पर मौजूद हैं। उपलब्ध जानकारी के अनुसार सभी ट्रेकर्स सुरक्षित हैं। मौसम अनुकूल होते ही रेस्क्यू अभियान फिर शुरू किया जाएगा।
ओडिन कॉल से 29 ट्रेकर्स का सफल रेस्क्यू
वहीं, कालिंदी ट्रेक के ओडिन कॉल क्षेत्र में फंसे 29 ट्रेकर्स को हेलीकॉप्टर के माध्यम से सकुशल रेस्क्यू कर हर्षिल पहुंचाया गया है। अभियान सफलतापूर्वक पूरा होने के बाद सभी 29 ट्रेकर्स को आर्मी बेस हर्षिल स्थित चिकित्सालय लाया गया, जहां चिकित्सकीय टीम ने उनकी प्राथमिक स्वास्थ्य जांच की।
ओडिन कॉल क्षेत्र में चलाए गए रेस्क्यू अभियान में SDRF, जिला पुलिस, भारतीय सेना, स्थानीय प्रशासन और UCADA की टीमें संयुक्त रूप से शामिल रहीं। शासन से समन्वय स्थापित कर सेनानायक SDRF अर्पण यदुवंशी के दिशा-निर्देशन में अभियान संचालित किया गया। SDRF कंट्रोल रूम के माध्यम से भी रेस्क्यू अभियान की लगातार निगरानी की गई और मौके पर तैनात टीमों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
हाई-एल्टीट्यूड रेस्क्यू टीमों की तैनाती
उच्च हिमालयी क्षेत्र की चुनौतीपूर्ण भौगोलिक परिस्थितियों और प्रतिकूल मौसम के बीच SDRF की विशेषज्ञ हाई-एल्टीट्यूड रेस्क्यू टीम अन्य सहयोगी एजेंसियों के साथ समन्वय कर अभियान चला रही है। ट्रेकर्स को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने के लिए उपलब्ध संसाधनों का इस्तेमाल किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री धामी ने ली राहत-बचाव अभियान की जानकारी
उत्तरकाशी के उच्च हिमालयी क्षेत्र में फंसे ट्रेकर्स को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सचिव, आपदा प्रबंधन से दूरभाष पर वार्ता कर राहत एवं बचाव अभियान की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि उच्च हिमालयी क्षेत्रों में ट्रैकिंग और पर्वतारोहण के लिए गए सभी ट्रेकर्स एवं पोर्टर्स की सुरक्षित वापसी सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ सुनिश्चित की जाए।
मुख्यमंत्री ने राहत एवं बचाव कार्यों में सभी आवश्यक संसाधनों का प्रभावी उपयोग करने तथा प्रभावित क्षेत्रों में मौजूद लोगों के लिए आवश्यक चिकित्सकीय सहायता, भोजन और अन्य जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रतिकूल मौसम की परिस्थितियों को देखते हुए संबंधित विभागों को पूरी सतर्कता और आपसी समन्वय के साथ कार्य करने को कहा।
उत्तरकाशी के उच्च हिमालयी क्षेत्रों में मौसम की चुनौती के बीच रेस्क्यू टीमें लगातार सक्रिय हैं। कालिंदी खाल ट्रैक पर मौजूद आठ ट्रेकर्स को सुरक्षित निकालने के लिए मौसम अनुकूल होने का इंतजार किया जा रहा है, जबकि ओडिन कॉल से 29 ट्रेकर्स को सुरक्षित निकालकर हर्षिल पहुंचाया जा चुका है।

