उत्तराखंड में यहां आधी रात को यहां डोली धरती। भूकंप से सहमे लोग…….

उत्तरकाशी: उत्तरकाशी जनपद में सोमवार तड़के करीब 1:21 बजे भूकंप के झटकों से लोग सहम उठे। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD), नई दिल्ली से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 4.2 मापी गई। भूकंप का केंद्र उत्तरकाशी जिले की बड़कोट तहसील के राजगढ़ी क्षेत्र के आसपास बताया गया है।

जनपद आपातकालीन परिचालन केंद्र (DEOC) की ओर से जारी रिपोर्ट के मुताबिक भूकंप का समय 1:21:34 बजे था और इसकी गहराई पृथ्वी की सतह से करीब 10 किलोमीटर नीचे दर्ज की गई। भूकंप का अक्षांश 30.831° उत्तरी और देशांतर 78.230° पूर्वी बताया गया है।

इन क्षेत्रों में महसूस हुए झटके
भूकंप के हल्के झटके उत्तरकाशी जिला मुख्यालय, बड़कोट, पुरोला, मोरी, चिन्यालीसौड़ और डुंडा क्षेत्र में महसूस किए गए। हालांकि अन्य तहसील क्षेत्रों में भूकंप के झटके महसूस किए जाने की सूचना नहीं है।

तहसील से लेकर गांवों तक ली गई जानकारी
भूकंप के बाद जिला प्रशासन ने स्थिति की जानकारी जुटाने के लिए सभी तहसीलदारों, थानों, पुलिस चौकियों, राजस्व उपनिरीक्षकों और संबंधित ग्राम प्रधानों से संपर्क किया। प्रशासन की ओर से जारी रिपोर्ट के अनुसार जिले में कहीं भी भूकंप से जान-माल अथवा संपत्ति के नुकसान की सूचना नहीं मिली है।

प्रशासन ने सभी संबंधित अधिकारियों को स्थिति पर नजर बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। आपदा की स्थिति में जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र के माध्यम से सूचनाओं का आदान-प्रदान किया जा रहा है।

रात में महसूस हुए झटकों से मची हलचल
आधी रात के बाद आए भूकंप के हल्के झटकों से कई क्षेत्रों में लोगों में कुछ देर के लिए दहशत का माहौल बना। हालांकि भूकंप के बाद किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं मिलने से प्रशासन ने राहत की सांस ली है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *