उत्तराखंड के हरिद्वार में उमड़ा डाक कांवड़ का सैलाब, चार करोड़ के पास पहुंचा आंकड़ा; वाहनों से भरने लगी बड़ी पार्किंग……..

हरिद्वार: धर्मनगरी में रविवार को डाक कांवड़ यात्रियों का सैलाब उमड़ पड़ा है। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश और राजस्थान समेत विभिन्न राज्यों से हर घंटे लाखों की संख्या में शिवभक्त हरिद्वार पहुंच रहे हैं। दिल्ली हाईवे से लेकर गंगा घाटों तक बोल बम, बम-बम के जयकारे गूंज रहे हैं।

हरिद्वार से गंगा जल लेकर लौटने का सिलसिला भी जारी है। 24 घंटे में 75 लाख से ज्यादा कांवड़ यात्रियों की रवानगी हो चुकी है। इसके साथ ही मेले में हरिद्वार पहुंचने वाले कांवड़ यात्रियों का कुल आंकड़ा भी चार करोड़ के पास पहुंच गया है।

रविवार सुबह से ही हरिद्वार में कांवड़ यात्रियों की संख्या कई गुना बढ़ गई थी। मंगलौर से डायवर्ट होकर हरिद्वार पहुंच रहे डाक कांवड़ के वाहनों से पूरा 30 किलोमीटर का लक्सर रोड भरा हुआ है। जबकि हरिद्वार से लौटने वाले वाहन दिल्ली हाईवे से गुजर रहे हैं। हाईवे के एक तरफ गंगनहर बह रही है।

दूसरी तरफ हाईवे के एक हिस्से में भगवा झंडों से सजे डाक कांवड़ और बाइकर्स कांवड़ यात्री भगवान भोलेनाथ के जयकारे लगाते हुए गंतव्य की ओर बढ़ रहे हैं। हाईवे पर डाक कांवड़ का यह नजारा ऐसा प्रतीत हो रहा है, मानो हरिद्वार से दिल्ली की ओर गंगा के साथ एक समानांतर धारा बह रही हो।

 

वाहनों से भरने लगी बड़ी पार्किंग
कांवड़ यात्रियों के वाहनों से पार्किंग स्थल भी तेजी से भरने लगे हैं। हरिद्वार की सबसे बड़ी पार्किंग में शामिल बैरागी कैंप लगभग भर चुकी है। जितनी संख्या में डाक कांवड़ के वाहन हरिद्वार पहुंच रहे हैं, उससे रात तक दक्षदीप मैदान में बड़े वाहनों को रोकने की तैयारी पूरी कर ली गई है।

डाक कांवड़ के लिए बड़े चौपहिया वाहनों के साथ-साथ दोपहिया वाहनों से पहुंचने वाले कांवड़ यात्रियों की संख्या भी लगातार बढ़ रही है। बाइकर्स कांवड़ यात्रियों के जत्थे भी हरिद्वार की सड़कों पर दिखाई दे रहे हैं। इससे शहर और आसपास के संपर्क मार्गों पर यातायात का दबाव बढ़ गया है।

मेला क्षेत्र में भ्रमण पर डीएम-एसएसपी
कांवड़ मेले के चरम को देखते हुए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह लगातार मेला क्षेत्र का भ्रमण कर रहे हैं। दोनों अधिकारी ग्राउंड जीरो पर पहुंचकर यातायात, पार्किंग, सुरक्षा और श्रद्धालुओं की आवाजाही की व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं।

एसएसपी नवनीत सिंह ने भारी भीड़ होने पर बुलेट पर सवार होकर मेला क्षेत्र में घूम-घूमकर व्यवस्थाएं दुरुस्त कराते रहे। एसपी सिटी व मेले के नोडल अधिकारी अभय प्रताप सिंह भी लगातार सड़क पर मोर्चा संभाले हुए हैं। इसके अलावा कंट्रोल रूम में सीसीटीवी कैमरों से भीड़ की लगातार निगरानी की जा रही है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *