उत्तराखंड में आज राहुल गांधी का दौरा रद्द, बोले-जल्द फिर होगी मुलाकात, जानिए रद्द होने का कारण……..
देहरादून: कांग्रेस नेता एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का प्रस्तावित उत्तराखंड दौरा खराब मौसम के कारण रद्द हो गया है। मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों के चलते 4 जून को अल्मोड़ा और पौड़ी तथा 5 जून को देहरादून में होने वाले सभी कार्यक्रम स्थगित कर दिए गए हैं।
कांग्रेस की ओर से जारी जानकारी के अनुसार राहुल गांधी पंतनगर पहुंच चुके थे और वहां से हेलिकॉप्टर के जरिए अल्मोड़ा में आयोजित जनसभा के लिए रवाना होने वाले थे, लेकिन खराब मौसम के कारण उड़ान संभव नहीं हो सकी।राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माने जा रहे राहुल गांधी के इस दौरे के स्थगित होने के बाद अब कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों को उनके अगले उत्तराखंड दौरे का इंतजार रहेगा।
वीडियो संदेश जारी कर जताया खेद।
कार्यक्रम रद्द होने के बाद राहुल गांधी ने एक वीडियो संदेश जारी कर उत्तराखंड की जनता से क्षमा मांगी और जल्द दोबारा राज्य का दौरा करने का भरोसा दिलाया।
वीडियो संदेश में राहुल गांधी ने कहा,
“उत्तराखंड के मेरे प्यारे भाइयों और बहनों, आज मैं आप सबसे मिलना चाहता था। आपके बीच बैठकर आपकी बातें सुनना चाहता था। आपके सुख-दुख, आपकी आशाओं और चिंताओं को समझना चाहता था। लेकिन दुर्भाग्यवश मौसम की गंभीर खराबी के कारण ऐसा संभव नहीं हो पाया।”
उन्होंने बताया कि पंतनगर पहुंचने के बाद अल्मोड़ा के लिए हेलिकॉप्टर से उड़ान भरने की तैयारी थी, लेकिन मौसम की खराब स्थिति को देखते हुए पायलट ने सुरक्षा कारणों से उड़ान भरने से इनकार कर दिया।
पूर्व सैनिक सम्मेलन को किया वर्चुअली संबोधित।
हालांकि, पौड़ी जिले में आयोजित पूर्व सैनिक सम्मेलन को राहुल गांधी ने लाइव वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने पूर्व सैनिकों से संवाद किया और उनके मुद्दों पर अपनी बात रखी।
जल्द फिर उत्तराखंड आने का दिया भरोसा।
राहुल गांधी ने अपने संदेश में कहा कि वह निकट भविष्य में फिर उत्तराखंड आएंगे और प्रदेश की जनता से सीधे संवाद करेंगे। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड से उनका विशेष लगाव है और वह यहां के लोगों से मिलने के लिए जल्द नया कार्यक्रम तय करेंगे।
मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट
गौरतलब है कि उत्तराखंड में पिछले कुछ दिनों से मौसम खराब बना हुआ है। कई पर्वतीय जिलों में बारिश, तेज हवाएं और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना को देखते हुए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया हुआ है। इसी खराब मौसम के कारण राहुल गांधी के कार्यक्रमों में भी बाधा उत्पन्न हुई।
