उत्तराखंड में मुख्यमंत्री आवास में बनेगा 3-बी गार्डन, जैव विविधता संरक्षण को मिलेगा बढ़ावा……..

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को मुख्यमंत्री आवास परिसर स्थित राजकीय उद्यान, सर्किट हाउस देहरादून में विकसित किए जा रहे 3-बी गार्डन (बी-फ्रेंडली, बटरफ्लाई-फ्रेंडली एवं बर्ड-फ्रेंडली गार्डन) के निर्माण कार्य का शुभारम्भ कृष्णा वट के पौधे का रोपण कर किया। यह विशेष उद्यान मधुमक्खियों, तितलियों और पक्षियों के संरक्षण एवं संवर्धन को ध्यान में रखकर विकसित किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और जैव विविधता के संवर्धन के लिए ऐसे प्रयास अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। उद्यान में परागण को बढ़ावा देने वाले विभिन्न प्रजातियों के पौधों का व्यापक स्तर पर रोपण किया जा रहा है। साथ ही प्राकृतिक पारिस्थितिकी तंत्र को सुरक्षित रखने के लिए उद्यान के आसपास कीटनाशकों एवं अन्य हानिकारक रसायनों के उपयोग को प्रतिबंधित रखा जाएगा।
उन्होंने कहा कि इस पहल से मधुमक्खी पालन को बढ़ावा मिलेगा और जैव विविधता संरक्षण में महत्वपूर्ण योगदान प्राप्त होगा। साथ ही आमजन में प्रकृति और पर्यावरण के प्रति जागरूकता भी बढ़ेगी।

मुख्यमंत्री के निर्देशों पर उद्यान प्रभारी दीपक पुरोहित द्वारा उपयुक्त पौधों के चयन एवं रोपण का कार्य प्रारम्भ किया गया। उद्यान में जामुन, शहतूत, सहजन, कदम्ब, कपूर, गुड़हल, अमरूद, नीम, बाँस, बॉटल ब्रश, टिकामा, जीनिया, कॉसमॉस, पेंटास, मिल्कवीड, पैशन फ्लावर, हमेलिया, इक्जोरा, लैंटाना, तुलसी, लैवेंडर, सूरजमुखी, रोजमेरी एवं पुदीना सहित अनेक प्रजातियों के पौधे लगाए जा रहे हैं।

इसके अलावा परिसर में स्थित पुराने एवं जीर्ण-शीर्ण वृक्षों के समीप नए पौधों का रोपण भी किया जा रहा है। उच्च हिमालयी एवं पर्वतीय क्षेत्रों में पाए जाने वाले बांज, बुरांश, तेजपत्ता तथा पया प्रजाति के पौधे भी पिछले वर्ष से लगाए जा रहे हैं, जो अब स्वस्थ वृद्धि के साथ परिसर की प्राकृतिक सुंदरता को बढ़ा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने परिसर में चल रहे पर्यावरणीय एवं जैव विविधता संवर्धन कार्यों की सराहना करते हुए उद्यान विभाग को मुख्यमंत्री आवास परिसर और आसपास के क्षेत्रों में मधुमक्खी पालन गतिविधियों को व्यापक स्तर पर विकसित करने के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर सचिव शैलेश बगौली, निदेशक उद्यान डॉ. आर.के. सिंह तथा नरेंद्र यादव सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *