उत्तराखंड के ऋषिकेश में राफ्टिंग हुई महंगी! तीन गुना तक बढ़ें रेट, घूमने से पहले जान लें नए दाम……..

ऋषिकेश: अगर आप भी इस वीकेंड ऋषिकेश में राफ्टिंग का प्लान बना रहे हैं, तो थोड़ा संभल जाइए. क्योंकि यहां राफ्टिंग के दाम अब आम दिनों के मुकाबले तीन गुना तक बढ़ चुके हैं. सिर्फ इतना ही नहीं, सड़कों पर लगने वाला घंटों का ट्रैफिक जाम भी ट्रिप के मजे को थकावट में बदल रहा है. राफ्टिंग कारोबारियों का कहना है कि गाड़ियों का तेल और जाम में बर्बाद होता समय उन्हें रेट बढ़ाने पर मजबूर कर रहा है. जानिए शिवपुरी से लेकर कौडियाला तक अब आपको राफ्टिंग के लिए कितने पैसे चुकाने होंगे और क्यों अब यह ट्रिप पहले जैसी आसान नहीं रही।

ऋषिकेश में एडवेंचर का मजा लेना इस बार पर्यटकों की जेब और समय दोनों पर भारी पड़ रहा है. गंगा की लहरों पर राफ्टिंग का रोमांच तो वही है, लेकिन कुछ चीजें बदल गई है. जिसके चलते ऋषिकेश आने वाले लोगों को अब दोहरी मार झेलनी पड़ रही है. एक तरफ सड़कों पर लगा लंबा ट्रैफिक जाम और दूसरी तरफ राफ्टिंग के दामों में हुई भारी बढ़ोतरी दोनों मिलकर पर्यटकों को परेशान कर रही हैं. खासकर शनिवार और रविवार को राफ्टिंग करना अब काफी महंगा हो गया है. वहीं, राफ्टिंग एजेंसी चलाने वाले रवि कोठारी ने बताया कि राफ्टिंग के दाम केवल भीड़ की वजह से नहीं बढ़े हैं, बल्कि इसके पीछे कई मुश्किलें भी हैं. सीजन के समय और आम दिनों के रेट में अब जमीन-आसमान का अंतर आ गया है।

ऑफ-सीजन के मुकाबले तीन गुना बढ़े रेट
पहले जो 10 किलोमीटर की राफ्टिंग 250 रुपये में हो जाती थी, उसका रेट अब 620 रुपये तक पहुंच गया है. इसी तरह 16 किलोमीटर वाली ट्रिप, जो पहले 350 रुपये की थी, उसके लिए अब लोगों को करीब 1020 रुपये देने पड़ रहे हैं. अगर आप मरीन ड्राइव (26 किमी) से राफ्टिंग करना चाहते हैं, तो उसका रेट 600 रुपये से बढ़कर अब सीधा 1500 रुपये हो गया है. वहीं कौडियाला (36 किमी) वाले सबसे लंबे पैकेज की कीमत 900 रुपये से बढ़कर 2500 रुपये तक पहुंच गई है।

ट्रैफिक जाम ने बिगाड़ा सारा खेल
पैसे के साथ-साथ ट्रैफिक जाम ने राफ्टिंग एजेंसियों का पूरा काम खराब कर दिया है. रवि कोठारी बताते हैं कि पहले उनकी एक टीम और गाड़ी दिनभर में आसानी से 4 बार राफ्टिंग करवा लेती थी. लेकिन अब भारी जाम की वजह से मुश्किल से 3 बार ही चक्कर लग पाते हैं. घंटों जाम में फंसे रहने से न केवल समय खराब होता है, बल्कि गाड़ियों का डीजल और मेंटेनेंस का खर्चा भी बढ़ गया है. इसी बढ़े हुए खर्चे को निकालने के लिए एजेंसियों को मजबूरी में रेट बढ़ाने पड़ रहे हैं.

पर्यटकों की बदल रही है प्लानिंग
बढ़े हुए दाम और घंटों का ट्रैफिक जाम पर्यटकों के मजे को किरकिरा कर रहा है। ऋषिकेश पहुंचने वाले कई लोग अब इस भीड़भाड़ और महंगे रेट से बचने के लिए नए रास्ते निकाल रहे हैं. बहुत से लोग अब शनिवार-रविवार के बजाय हफ्ते के बीच के दिनों (सोमवार से शुक्रवार) में आने का प्लान बना रहे हैं। उनका मानना है कि ऐसा करने से पैसे भी कम लगेंगे और शांति से राफ्टिंग का मजा भी लिया जा सकेगा।

पर्यटकों का कहना है कि थोड़ी देर की राफ्टिंग के लिए कई घंटे जाम में खड़े रहना अब बहुत थकाने वाला हो गया है. इसलिए कुल मिलाकर, अगर आप ऋषिकेश में राफ्टिंग का पूरा आनंद लेना चाहते हैं, तो अब आपको अपना बजट और समय दोनों पहले से ज्यादा तय करके चलना होगा।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *