उत्तराखंड की राजधानी में तेज बारिश और आंधी-तूफान की चेतावनी, IMD अलर्ट…….
देहरादून: मौसम विभाग ने सोमवार सुबह देहरादून जनपद के लिए अगले तीन घंटों (सुबह 7:55 बजे से 10:55 बजे तक) का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
विभाग के अनुसार जनपद के डाकपत्थर, कालसी, कोटी, सहसपुर, विकासनगर तथा आसपास के क्षेत्रों में हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है, जबकि कुछ स्थानों पर बिजली चमकने, तेज से बहुत तेज बारिश और आंधी-तूफान का दौर देखने को मिल सकता है।
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि तीव्र वर्षा के दौरान निचले इलाकों में जलभराव, छोटे नालों का जलस्तर बढ़ने, दृश्यता कम होने तथा संवेदनशील क्षेत्रों में भूस्खलन और चट्टान गिरने जैसी घटनाएं हो सकती हैं। तेज हवाओं और बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए लोगों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की गई है।
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें, नदी-नालों के किनारे न जाएं, सुरक्षित स्थानों पर रहें तथा बिजली कड़कने के समय पेड़ों के नीचे शरण लेने से बचें। वाहन चालकों को भी पहाड़ी मार्गों पर सावधानीपूर्वक वाहन चलाने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में मानसून सक्रिय बना हुआ है और आगामी दिनों में भी कई जिलों में हल्की से मध्यम वर्षा के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है।

