उत्तराखंड में देहरादून को मिलेगा प्रकृति, पर्यटन और फिटनेस का नया ठिकाना, राष्ट्रपति उद्यान अब अंतिम चरण में………..

देहरादून: दून शहर के लोगों को जल्द प्रकृति की गोद में सैर, फिटनेस, मनोरंजन और सांस्कृतिक गतिविधियों का नया केंद्र मिलने जा रहा है। राजपुर रोड पर ऐतिहासिक राष्ट्रपति आशियाना परिसर में 132 एकड़ में विकसित हो रहा राष्ट्रपति उद्यान अब अंतिम चरण में पहुंच गया है।

जागिंग, साइकिलिंग, योग, सांस्कृतिक आयोजनों और प्राकृतिक सौंदर्य का संगम बनने जा रही इस महत्वाकांक्षी परियोजना का शनिवार को जिलाधिकारी डा. आशीष चौहान ने स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्माण कार्य तय समयसीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही प्रत्येक शुक्रवार को प्रगति की समीक्षा करने के निर्देश भी दिए।

निरीक्षण के दौरान डीएम ने कहा कि राष्ट्रपति उद्यान केवल हरित क्षेत्र नहीं होगा, बल्कि स्वास्थ्य, पर्यटन और सामाजिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनेगा। उन्होंने कहा कि यहां विकसित की जा रही प्रत्येक सुविधा आम नागरिकों और पर्यटकों के अनुभव को बेहतर बनाने के उद्देश्य से तैयार की जा रही है। इसलिए निर्माण कार्य में गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

अधिकारियों ने बताया कि विद्युत विभाग का लगभग 80 प्रतिशत और उद्यान विभाग का करीब 60 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। उद्यान में 2700 मीटर लंबा जागिंग, साइकिलिंग व वाकिंग ट्रैक, 840 मीटर लंबा बोर्डवाक, आधुनिक थीम पार्क, कैफेटेरिया, फूड कोर्ट और प्राकृतिक परिवेश से जुड़ी कई सुविधाएं विकसित की जा रही हैं।

केंद्रीय लोक निर्माण विभाग (सीपीडब्ल्यूडी) की देखरेख में केबीजी इंजीनियर्स द्वारा कराए जा रहे निर्माण कार्यों का निरीक्षण करते हुए डीएम ने तकनीकी मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिला पर्यटन विकास अधिकारी जसपाल चौहान, केबीजी इंजीनियर्स के प्रोजेक्ट मैनेजर फराज, सीपीडब्ल्यूडी, विद्युत, उद्यान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

विशाल लीची गार्डन होगा आकर्षण का केंद्र
परियोजना में 800 दर्शकों की क्षमता वाला ओपन एयर थिएटर, योगा पवेलियन, व्यूइंग एवं वाटरफाल डेक, आधुनिक स्पोर्ट्स जोन और विशाल लीची गार्डन भी आकर्षण का केंद्र होंगे। अधिकारियों के अनुसार स्पोर्ट्स जोन का लगभग 50 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। आगंतुकों की सुविधा के लिए उद्यान में तीन भव्य प्रवेश द्वार, अत्याधुनिक पार्किंग और अन्य नागरिक सुविधाएं भी विकसित की जा रही हैं।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *