उत्तराखंड में रुद्रपुर के मोदी मैदान में बनेगा हाईटेक इंडोर-आउटडोर स्टेडियम, 23.32 करोड़ का बजट मंजूर………..
देहरादून: रुद्रपुर के मोदी मैदान में अब खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए अत्याधुनिक इंडोर और आउटडोर स्टेडियम विकसित होगा। इस परियोजना के लिए 23.32 करोड़ रुपये के आगणन को स्वीकृति प्रदान की गई है।
करीब 8.594 हेक्टेयर क्षेत्र में विकसित होने वाला यह स्टेडियम खेल गतिविधियों के साथ सामाजिक और सांस्कृतिक आयोजनों के लिए भी उपयोगी होगा। वहीं, हल्द्वानी-काठगोदाम नगर निगम क्षेत्र की क्षतिग्रस्त सड़कों के सुधार के लिए अवस्थापना विकास निधि से 15 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत करने की प्रक्रिया भी आगे बढ़ाई गई है।
सचिव आवास एवं राज्य संपत्ति डॉ. आर राजेश कुमार की अध्यक्षता में शुक्रवार को उपरोक्त परियोजनाओं के संबंध में चर्चा करते हुए इन्हें स्वीकृति प्रदान की गई। मोदी मैदान स्टेडियम के निर्माण के लिए उत्तराखंड पेयजल संसाधन विकास एवं निर्माण निगम को कार्यदायी संस्था नामित किया गया है।
निगम की ओर से तैयार 2374.56 लाख रुपये के आगणन का नियोजन विभाग के टीओसी परीक्षण के बाद 2332.05 लाख रुपये का आगणन औचित्यपूर्ण पाया गया। यहां फुटबाल, वालीबाल, बैडमिंटन समेत विभिन्न खेलों के लिए सुविधाएं विकसित की जाएंगी। मैदान के दोनों ओर सड़कें होने से आवागमन भी सुगम रहेगा।
हल्द्वानी-काठगोदाम की सड़कों को भी मिलेगी राहत
दूसरे निर्णय में हल्द्वानी-काठगोदाम नगर निगम क्षेत्र की क्षतिग्रस्त सड़कों के निर्माण के लिए 15 करोड़ रुपये की धनराशि अवस्थापना विकास निधि से प्रस्तावित की गई है। लोक निर्माण विभाग को कार्यदायी संस्था नामित किया गया है। सड़कों के सुधार से शहर में आवागमन और यातायात व्यवस्था को बेहतर करने में मदद मिलेगी।

