उत्तराखंड में धामी के सात ऐलान, बदलेंगे उत्तराखंड की तस्वीर, युवाओं से सीमांत गांवों तक फोकस………..
देहरादून: स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को परेड ग्राउंड में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ध्वजारोहण कर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं। राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के सामूहिक गायन के बाद ध्वजारोहण और राष्ट्रगान हुआ। मुख्यमंत्री ने अमर शहीदों, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, सैनिकों, पुलिस जवानों और उत्तराखंड राज्य आंदोलन के शहीदों को नमन किया।
मुख्यमंत्री ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों को सम्मानित करने के साथ 14 पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों को मुख्यमंत्री सराहनीय सेवा पदक तथा राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने वाले 13 खिलाड़ियों को सम्मानित किया।

आपदा प्रभावितों के साथ सरकार खड़ी : धामी
मुख्यमंत्री ने प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में हाल में आई प्राकृतिक आपदाओं पर चिंता जताते हुए कहा कि सरकार प्रत्येक प्रभावित परिवार के साथ खड़ी है। राहत-बचाव कार्यों के साथ क्षतिग्रस्त सड़कों, पुलों, पेयजल और बिजली लाइनों को जल्द दुरुस्त करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है और उत्तराखंड भी वर्ष 2035 तक विकसित राज्य बनाने के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रहा है। सड़क, रेल और रोपवे कनेक्टिविटी, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना, दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे तथा विभिन्न बांध एवं रोपवे परियोजनाओं को राज्य के विकास की महत्वपूर्ण कड़ी बताया।

पर्यटन और रोजगार पर सरकार का जोर।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं की संख्या 47 लाख का आंकड़ा पार कर चुकी है, जबकि कांवड़ मेले में चार करोड़ से अधिक श्रद्धालु शामिल हुए। उत्तराखंड धार्मिक पर्यटन के साथ वेलनेस, एडवेंचर, फिल्म शूटिंग और वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में भी पहचान बना रहा है।
युवाओं को रोजगार मांगने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला बनाने के लिए स्टार्टअप इकोसिस्टम को मजबूत करने की बात कहते हुए मुख्यमंत्री ने 200 करोड़ रुपये के वेंचर फंड का उल्लेख किया। ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’, होम-स्टे और मुख्यमंत्री सौर स्वरोजगार योजना के जरिए स्थानीय उत्पादों और युवाओं को नए अवसर देने का दावा किया।

शिक्षा और खेलों को भी मिली प्राथमिकता।
‘मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना’ के तहत सरकारी विद्यालयों में कक्षा 11वीं और 12वीं के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की निशुल्क ऑनलाइन कोचिंग देने की घोषणा की गई है। प्रथम चरण में 10 हजार विद्यार्थियों को इसका लाभ मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने 38वें राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखंड के खिलाड़ियों के 103 पदकों का उल्लेख करते हुए कहा कि स्पोर्ट्स लीगेसी प्लान के तहत आठ शहरों में 23 खेल अकादमियां स्थापित की जाएंगी। महिला स्पोर्ट्स कॉलेज और खेल विश्वविद्यालय के निर्माण पर भी कार्य किया जा रहा है।
महिलाओं और किसानों के लिए योजनाओं का जिक्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में तीन लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। महिला स्वयं सहायता समूहों को पांच लाख रुपये तक ब्याजमुक्त ऋण तथा किसानों को तीन लाख रुपये तक ब्याजमुक्त ऋण, कृषि उपकरणों पर 80 प्रतिशत तक सब्सिडी और निःशुल्क नहर सिंचाई जैसी सुविधाएं दी जा रही हैं।

उन्होंने दावा किया कि पिछले एक वर्ष में राज्य की जीएसडीपी में 7.23 प्रतिशत वृद्धि हुई है और प्रतिव्यक्ति आय में 41 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। पिछले पांच वर्षों में 34 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी मिलने की भी जानकारी दी गई।
स्वतंत्रता दिवस पर मुख्यमंत्री की सात बड़ी घोषणाएं-
1. चमोली, पौड़ी और अल्मोड़ा में विशेष औद्योगिक पार्क स्थापित किए जाएंगे।
2. प्रदेश में प्रथम युवा आयोग की स्थापना की जाएगी।
3. सीमावर्ती गांवों के युवाओं, भूतपूर्व सैनिकों और अग्निवीरों को स्वरोजगार एवं उद्यम स्थापित करने के लिए अतिरिक्त सहायता दी जाएगी।
4. वर्ग-3 एवं वर्ग-4 की भूमि के विनियमितीकरण की समय-सीमा बढ़ाकर भूमिधरी अधिकार दिए जाएंगे।
5. प्रधानमंत्री आवास योजना में राज्यांश 50 हजार से बढ़ाकर 75 हजार रुपये किया जाएगा।
6. 18 से 30 वर्ष के युवाओं के लिए मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार एवं उद्यमिता प्रोत्साहन योजना शुरू होगी। आईआईटी और आईआईएम जैसे संस्थानों के सहयोग से निशुल्क उद्यमिता एवं कौशल प्रशिक्षण दिया जाएगा तथा बैंक ऋण की 30 प्रतिशत राशि सरकार अनुदान के रूप में देगी।
7. प्रदेश के बहादुर बच्चों को सम्मानित करने के लिए इसी वर्ष से ‘बाल वीरता पुरस्कार’ शुरू किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड को देश का श्रेष्ठ राज्य बनाने का संकल्प सरकार का केवल राजनीतिक लक्ष्य नहीं, बल्कि प्रदेशवासियों के प्रति बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने विकास के साथ विरासत, रोजगार के साथ पलायन का समाधान तथा आधुनिकता के साथ संस्कृति और पहचान को मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई।
समारोह में पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, मेयर सौरभ थपलियाल, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, डीजीपी दीपम सेठ सहित शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

