उत्तर भारत में भीषण गर्मी और बूंदाबांदी, कई राज्यों में झमाझम बारिश के आसार…….

दिल्ली: उत्तर भारत के कई राज्यों में भीषण गर्मी और उमस से लोगों का हाल बेहाल है, जबकि दक्षिण, पश्चिमी तट और पूर्वोत्तर भारत में मॉनसून पूरी तरह सक्रिय है।

उत्तर भारत के कई इलाकों में भीषण गर्मी और उमस अभी और सताने वाली है. इस बीच कई राज्यों में बारिश की गतिविधियां तेज होंगी और कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की भी संभावना है. मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, कोंकण और गोवा, तटीय कर्नाटक, केरल, सिक्किम, असम और मेघालय में आज मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है.

लगातार बारिश के चलते निचले इलाकों में जलभराव और यातायात प्रभावित हो सकता है. इसके अलावा पश्चिम मध्य प्रदेश, विदर्भ, दक्षिण गुजरात, मध्य महाराष्ट्र, लक्षद्वीप और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।

बिहार, झारखंड, गंगा के पश्चिम बंगाल, ओडिशा, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, आंतरिक कर्नाटक, तमिलनाडु और पूर्वी राजस्थान में भी हल्की से मध्यम बारिश का पूर्वानुमान है. इन इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है।

उत्तर भारत में गर्मी का असर रहेगा बरकरार
बारिश की गतिविधियों के बावजूद उत्तर प्रदेश, पंजाब और हरियाणा के कई हिस्सों में दिन के समय तेज धूप और उमस लोगों की परेशानी बढ़ा सकती है. हालांकि कुछ इलाकों में शाम के समय हल्की बूंदाबांदी और तेज हवाओं से मौसम में थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

स्काईमेट के मुताबिक, पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में गरज-चमक के साथ धूलभरी आंधी चलने की संभावना जताई है. तेज हवाओं के दौरान पेड़ों और बिजली के खंभों से दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई है. वहीं हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हल्की बारिश के साथ एक-दो स्थानों पर मध्यम बारिश हो सकती है।

पर्वतीय क्षेत्रों में यात्रा करने वाले लोगों को मौसम का अपडेट लेकर ही सफर करने की सलाह दी गई है. मौसम विभाग ने भारी बारिश वाले इलाकों में अनावश्यक यात्रा से बचने, जलभराव वाले क्षेत्रों में सावधानी बरतने और गरज-चमक के दौरान खुले स्थानों पर न रुकने की सलाह दी है. वहीं भीषण गर्मी वाले क्षेत्रों में पर्याप्त पानी पीने, धूप में लंबे समय तक बाहर न रहने और हीटवेव से बचाव के उपाय अपनाने की अपील की गई है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *