उत्तराखंड में भारी बारिश का दौर जारी, इन जिलो में 7 सितंबर को स्कूल बंद………

देहरादून: उत्तराखंड में पहाड़ से लेकर मैदान तक बारिश का दौर जारी है। मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून ने राज्य में अगले 24 से 36 घंटे तक भारी बारिश की संभावना जताई है। मौसम विभाग के अनुसार 6 और 7 सितंबर को मानसून की सक्रियता अधिक रहने की संभावना है। इसे देखते हुए कई जिलों में ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 6 सितंबर को ऊधम सिंह नगर, नैनीताल और चंपावत में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने तथा तीव्र से अति तीव्र वर्षा होने की संभावना है।

इसके अलावा देहरादून, हरिद्वार, बागेश्वर, पौड़ी, पिथौरागढ़ और चमोली में भी कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना जताई गई है। इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। राज्य के अन्य हिस्सों में भी गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने और वर्षा के तीव्र से अति तीव्र दौर की संभावना है।

7 सितंबर को भी कई जिलों में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 7 सितंबर को नैनीताल, बागेश्वर, चंपावत, ऊधम सिंह नगर, पौड़ी और चमोली में भारी बारिश की संभावना है। इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं प्रदेश के सभी जिलों में कहीं-कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने और तेज बारिश होने की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट रखा गया है।

8 और 9 सितंबर को भी पर्वतीय जिलों में भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने पर्वतीय क्षेत्रों के लिए येलो अलर्ट जारी करते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।

ऊधम सिंह नगर में 7 सितंबर को स्कूल-आंगनबाड़ी बंद
लगातार खराब मौसम और भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए ऊधम सिंह नगर जिले में 7 सितंबर 2026 को सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित किया गया है।
यह आदेश जिले में संचालित सभी शासकीय, अर्द्धशासकीय और निजी विद्यालयों पर लागू होगा। कक्षा 1 से 12 तक के सभी छात्र-छात्राओं के लिए सोमवार को अवकाश रहेगा। इसके साथ ही जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में पंजीकृत बच्चों के लिए भी अवकाश घोषित किया गया है।

बढ़ते नदी जलस्तर को देखते हुए लिया फैसला
लगातार बारिश के कारण पर्वतीय क्षेत्रों से आने वाली नदियों का जलस्तर बढ़ रहा है। ऊधम सिंह नगर में नदियों के बढ़ते जलस्तर और मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों को देखते हुए छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के मद्देनजर जिला प्रशासन ने यह निर्णय लिया है।
प्रशासन ने सभी तहसीलों और संबंधित विभागों को आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं।

आदेश की अवहेलना करने वाले विद्यालयों के खिलाफ आपदा प्रबंधन अधिनियम-2005 के तहत कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
प्रशासन ने अभिभावकों और विद्यार्थियों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने तथा प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *