उत्तराखंड में मौसम अपडेट: भारी बारिश का अलर्ट, मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी, IMD अलर्ट……..
देहरादून: उत्तराखंड में मानसून की आधिकारिक दस्तक भले ही अभी बाकी हो, लेकिन प्रदेश में बारिश का दौर तेज होने वाला है। देहरादून स्थित मौसम विज्ञान केंद्र (IMD) ने 28 जून से 2 जुलाई तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। वहीं 29 जून से 1 जुलाई के बीच कई जिलों में भारी बारिश की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग ने लोगों, चारधाम यात्रियों और पर्वतीय क्षेत्रों में रहने वाले नागरिकों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।
29 जून से भारी बारिश का दौर शुरू होने के आसार
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, 27 और 28 जून को उत्तराखंड के पर्वतीय जिलों में कई स्थानों पर गर्जन, आकाशीय बिजली, हल्की से मध्यम बारिश और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
इसके बाद 29 जून से 2 जुलाई तक बारिश की गतिविधियां और तेज होने की संभावना है।
इन जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने 29 जून से 1 जुलाई के बीच निम्न जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई है— पिथौरागढ़, बागेश्वर, नैनीताल ,चंपावत
इन जिलों में कई स्थानों पर तेज बारिश होने की आशंका है, जबकि अन्य पर्वतीय जिलों में मध्यम बारिश और मैदानी इलाकों में हल्की से मध्यम वर्षा होने का अनुमान है।
लगातार बारिश को देखते हुए मौसम विभाग ने चारधाम यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं, पर्यटकों और स्थानीय लोगों को विशेष सतर्क रहने की सलाह दी है।
भारी बारिश के दौरान पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन, चट्टान गिरने, सड़क बाधित होने और नदी-नालों के जलस्तर बढ़ने की संभावना बनी रह सकती है।
मौसम विभाग की महत्वपूर्ण एडवाइजरी। यात्रा की गाइड और यात्रा की जानकारी।
मौसम विभाग ने नागरिकों के लिए कई जरूरी सुझाव जारी किए हैं—
गर्जन और आकाशीय बिजली के दौरान घर के अंदर रहें।
खिड़कियां और दरवाजे बंद रखें।
बिजली संचालित उपकरणों और खुले स्थानों से दूरी बनाए रखें।
तेज हवाओं के दौरान पेड़ों और कमजोर संरचनाओं के नीचे खड़े न हों।
भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में अनावश्यक यात्रा से बचें।
छोटी नदियों और नालों के आसपास रहने वाले लोग विशेष सावधानी बरतें।
वाहन चालक पहाड़ी मार्गों पर धीमी गति और सतर्कता के साथ सफर करें।
क्या बोले मौसम वैज्ञानिक रोहित थपलियाल।
मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक रोहित थपलियाल ने बताया कि अगले दो दिनों तक प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी रहेगी। वहीं 28 जून के बाद बारिश की गतिविधियों में तेजी आएगी।
उन्होंने बताया कि 28 जून को कुमाऊं मंडल के अधिकांश क्षेत्रों और गढ़वाल मंडल के कुछ हिस्सों में बारिश होने की संभावना है। इसके बाद 29 जून से 1 जुलाई के दौरान उत्तराखंड के अधिकांश इलाकों में हल्की से मध्यम तथा कई स्थानों पर भारी बारिश दर्ज की जा सकती है।
प्रशासन ने लोगों से की सतर्क रहने की अपील।
संभावित खराब मौसम को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने, अनावश्यक यात्रा से बचने और किसी भी आपात स्थिति में स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

