उत्तराखंड में जिला सूचना अधिकारी गिरिजा शंकर जोशी को अंतिम विदाई, चित्रशिला घाट पर हुआ अंतिम संस्कार……..

हल्द्वानी: जिला सूचना अधिकारी, नैनीताल गिरिजा शंकर जोशी का रविवार को रानीबाग स्थित चित्रशिला घाट पर अंतिम संस्कार किया गया। 12 सितंबर की दोपहर आकस्मिक हृदयगति रुकने से उनके निधन के बाद सूचना विभाग, मीडिया जगत और विभिन्न विभागों में शोक की लहर है। उनकी अंतिम यात्रा सुबह 8 बजे बीके पुरम, बिठोरिया नंबर-1 स्थित आवास से चित्रशिला घाट के लिए रवाना हुई।

चित्रशिला घाट पर आयोजित अंत्येष्टि में नैनीताल-ऊधमसिंह नगर सांसद अजय भट्ट, मीडिया सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष एवं दर्जा राज्यमंत्री ध्रुव रौतेला, दर्जा राज्यमंत्री शंकर कोरंगा, जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल, नगर आयुक्त पारितोष वर्मा, सिटी मजिस्ट्रेट ए.पी. बाजपेयी सहित प्रशासनिक अधिकारी, सूचना विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, पत्रकार और सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

उत्तराखंड सरकार की ओर से मीडिया सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष एवं दर्जा राज्यमंत्री ध्रुव रौतेला ने स्वर्गीय गिरिजा शंकर जोशी को पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उपस्थित लोगों ने दिवंगत जिला सूचना अधिकारी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।

अंतिम विदाई में जिला विकास अधिकारी संतोष पंत, सहायक निर्वाचन अधिकारी नैनीताल हंसादत्त पांडे, संयुक्त निदेशक/महानिदेशक सूचना के प्रतिनिधि के.एस. चौहान, संपादक कमलेश भट्ट, जिला सूचना अधिकारी ऊधमसिंह नगर गोविंद बिष्ट, प्रभारी मीडिया सेंटर हल्द्वानी अहमद नदीम सहित जनपद के पत्रकार और सूचना विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

स्वर्गीय गिरिजा शंकर जोशी अपने पीछे पत्नी, एक पुत्र और एक पुत्री सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनके निधन पर उपस्थित लोगों ने दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।

14 सितंबर को मीडिया सेंटर हल्द्वानी में शोक सभा
स्वर्गीय गिरिजा शंकर जोशी की स्मृति में 14 सितंबर 2026 को सुबह 11 बजे मीडिया सेंटर हल्द्वानी में शोक सभा आयोजित की जाएगी। इसमें सूचना विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, जनपद के पत्रकार और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित होकर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *