उत्तराखंड में एसआईआर का काम पूरा, इस दिन आएगी नई वोटर लिस्ट………

देहरादून: प्रदेश में एक माह से चल रहा विशेष गहन पुनरीक्षण का कार्य पूरा हो गया है। इसके साथ ही अभी तक एकत्र डाटा को फ्रीज कर दिया गया है। अब अगले तीन दिन जिलों से जानकारी लेने के साथ ही मतदाता सूची को अंतिम रूप दिया जाएगा। तीन अक्टूबर को इसका प्रकाशन कर दिया जाएगा।

एक सितंबर से शुरू हुआ एसआईआर का कार्य
प्रदेश में एसआईआर का कार्य एक सितंबर से शुरू हुआ था। इसके तहत सभी पूरी मतदाता सूची का गहन निरीक्षण किया गया। सभी मतदाताओं का वर्ष 2003 की मतदाता सूची से मिलान किया गया।

कहीं त्रुटि व शिकायत पाए जाने पर नोटिस जारी किए गए। इस दौरान नामों पर भी आपत्तियां आमंत्रित की गईं, साथ ही मतदाताओं को पता बदलने की भी सुविधा दी गई।

इस प्रक्रिया के अंतिम चरण में फोटो सिमिलर एंट्री (पीएसए) और डाटा सिमिलर एंट्री (डीएसए) की प्रक्रिया भी बीएलओ एप के माध्यम से चलाई गई। इसमें ऐसे मतदाताओं को चिहि्नत किया गया जिनके नाम उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड दोनों राज्यों की मतदाता सूची में शामिल थे।

ऐसे व्यक्तियों से यह भी पूछा गया कि वह किस राज्य में मतदाता के रूप में अपना नाम दर्ज रखना चाहते हैं। यह सारी प्रक्रिया सोमवार रात को पूरी कर ली गई। अब जिला स्तर पर मतदाता सूची का मिलान किया जा रहा है। इसके बाद इसे मुख्य राज्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय भेजा जाएगा।

मुख्य सहायक निर्वाचन अधिकारी मस्तूदास ने बताया कि एसआईआर में दावे और आपत्तियों की सुनवाई पूरी हो चुकी है। अब तीन अक्टूबर को मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *