उत्तराखंड के हरिद्वार में अर्धकुंभ 2027: रेलवे स्टेशन पर भीड़ मैनेजमेंट के लिए खास प्लान, लेकिन पहले होगी मॉक ड्रिल……….

हरिद्वार: अर्धकुंभ-2027 में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को संभालना रेलवे और मेला प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती होगी। इसे देखते हुए हरिद्वार रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के प्रवेश, निकास और आवागमन की व्यवस्था नए सिरे से व्यवस्थित करने की तैयारी है।

आरक्षित और अनारक्षित श्रेणी के यात्रियों के लिए अलग-अलग प्रवेश मार्ग निर्धारित करने के साथ विभिन्न दिशाओं में जाने वाले यात्रियों के लिए पृथक निकासी व्यवस्था विकसित की जाएगी। भीड़ के दबाव और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए प्रस्तावित व्यवस्थाओं को मॉक ड्रिल के माध्यम से भी परखा जाएगा।

रिद्वार रेलवे स्टेशन का संयुक्त निरीक्षण
इसी सिलसिले में शुक्रवार को मेलाधिकारी सोनिका, आइजी मेला डा. योगेंद्र सिंह रावत, मुरादाबाद मंडल की मंडलीय रेल प्रबंधक विनीता श्रीवास्तव, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और एसएसपी मेला आयुष अग्रवाल ने अधिकारियों के साथ हरिद्वार रेलवे स्टेशन का संयुक्त निरीक्षण किया। इस दौरान नवनिर्मित अनारक्षित टिकट केंद्र, प्रतीक्षालय और होल्डिंग एरिया का जायजा लेकर रेलवे की तैयारियों की समीक्षा की गई।

बैठक में तय किया गया कि यात्रियों की संख्या के अनुरूप प्रवेश, ठहराव और निकास के रास्ते स्पष्ट होने चाहिए, ताकि प्लेटफॉर्म और स्टेशन परिसर में भीड़ का अनावश्यक दबाव न बने। ट्रेनों के आगमन-प्रस्थान के समय और यात्री संख्या में बेहतर तालमेल रखने पर भी जोर दिया गया। जरूरत के अनुसार ट्रेन संचालन की योजना बनाने तथा स्टेशन परिसर में पर्याप्त पार्किंग विकसित करने पर चर्चा हुई, जिससे सड़कों पर वाहनों की कतार न लगे।

अधिकारियों ने आपात स्थिति में यात्रियों की सुरक्षित निकासी के लिए अतिरिक्त निकास मार्ग, सुरक्षा प्रबंध और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। रेलवे अपनी प्रस्तावित कार्ययोजना शीघ्र तैयार कर मेला प्रशासन के साथ साझा करेगा, ताकि सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी हो सकें।

निरीक्षण में रेलवे के ओएसडी (मेला) राजीव रंजन राजू, सीनियर डीसीएम महेश यादव, सीनियर डीईएन तेजवीर सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट हर गिरि, एएसपी मेला राजेश भट्ट सहित रेलवे, पुलिस, जीआरपी और आरपीएफ के अधिकारी मौजूद रहे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *