उत्तराखंड में आज से बदलेगा मौसम, बारिश-बर्फबारी से गिरेगा पारा………

देहरादून: उत्तराराखंड में लंबे समय से शुष्क बने मौसम के बीच अब एक बार फिर मौसम करवट लेने जा रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार शुक्रवार 13 नवंबर से प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। देहरादून, टिहरी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिले में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश होने की संभावना है। वहीं, 3200 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी के आसार जताए गए हैं। मौसम के इस बदलाव से ऊंचाई वाले इलाकों में ठंड बढ़ने के साथ ही पर्वतीय क्षेत्रों के तापमान में गिरावट आ सकती है।

14-15 नवंबर को पांच पर्वतीय जिलों में भी बारिश-बर्फबारी के आसार
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 14 और 15 नवंबर को भी प्रदेश के पांच पर्वतीय जिलों उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश और 3200 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना बनी रहेगी। इस दौरान प्रदेश के शेष जनपदों में मौसम शुष्क रहने का पूर्वानुमान है। हालांकि 16, 17 और 18 नवंबर को राज्य के सभी जनपदों में मौसम शुष्क रहने की संभावना जताई गई है। ऐसे में अगले तीन दिनों तक पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम का मिजाज बदला रह सकता है, जबकि इसके बाद मौसम सामान्य होने के आसार हैं।

पहाड़ों में ठंड का असर, मैदानी क्षेत्रों में भी बदलेगा तापमान का मिजाज
मौसम विज्ञान केंद्र के साप्ताहिक पूर्वानुमान के मुताबिक करीब 2000 मीटर की ऊंचाई वाले पर्वतीय क्षेत्रों में औसत अधिकतम तापमान 21.1 डिग्री सेल्सियस और औसत न्यूनतम तापमान 8.8 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। इन क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य से 2.1 डिग्री और न्यूनतम तापमान सामान्य से 1 डिग्री अधिक रहने की संभावना जताई गई है। वहीं मैदानी क्षेत्रों में औसत अधिकतम तापमान 29.3 डिग्री और न्यूनतम तापमान 14.1 डिग्री सेल्सियस रहने का पूर्वानुमान है।

मैदानी इलाकों में अधिकतम तापमान सामान्य से 1.7 डिग्री अधिक, जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.9 डिग्री कम रहने की संभावना है। इससे साफ है कि दिन और रात के तापमान में अंतर के चलते सुबह और शाम ठंड का एहसास बढ़ सकता है।

चारधाम में कड़ाके की ठंड, ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के आसार
चारधाम क्षेत्रों में पहले से ही सर्दी का असर बढ़ा हुआ है। केदारनाथ, बदरीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री में तापमान में लगातार गिरावट के चलते कड़ाके की ठंड पड़ रही है। ऐसे में ऊंचाई वाले क्षेत्रों में संभावित बर्फबारी से ठंड और बढ़ सकती है। पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम की बदलती परिस्थितियों का असर आवागमन और जनजीवन पर भी पड़ने की संभावना है।

राजधानी देहरादून की बात करें तो यहां शुक्रवार को आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहने का पूर्वानुमान है। कुछ क्षेत्रों में गरज वाले बादल विकसित हो सकते हैं। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार देहरादून में अधिकतम तापमान लगभग 26 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। फिलहाल प्रदेश के मैदानी इलाकों में मौसम शुष्क बना रहेगा, लेकिन सुबह और शाम के समय ठंड का असर महसूस किया जा सकता है।

मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के पूर्वानुमान के अनुसार फिलहाल मौसम में बदलाव का मुख्य असर पर्वतीय और उच्च हिमालयी क्षेत्रों तक सीमित रहने की संभावना है। 13 से 15 नवंबर के बीच पर्वतीय जिलों में बारिश-बर्फबारी के आसार हैं, जबकि 16 नवंबर से प्रदेशभर में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। Source: मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून (IMD

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *