उत्तराखंड का नैनी-सैनी हवाई अड्डा थ्री-सी श्रेणी में होगा अपग्रेड, उतरेंगे बड़े विमान……….

पिथौरागढ़: सीमांत जनपद पिथौरागढ़ के नैनी सैनी हवाई अड्डे को थ्री-सी श्रेणी में अपडेट करने की कवायद शुरू हो गई है। आने वाले समय में यात्रियों को अत्याधुनिक सुविधाएं मिलने की संभावना है।

यहां जल्द ही बड़े यात्री विमान आसानी से उतर सकेंगे, जिससे दूरस्थ क्षेत्रों की आवाजाही और अधिक सुगम हो जाएगी। इसके साथ ही यात्रियों के बैठने के लिए विशाल आधुनिक यात्री भवन, जलपान गृह और अन्य उन्नत सुविधाएं विकसित की जाएंगी।

अधिकारियों ने पेश की हवाई यातायात संभावना रिपोर्ट
हवाई सेवाओं के व्यापक विस्तार और हवाई अड्डे को वर्तमान टू-सी से थ्री-सी श्रेणी में उन्नत करने की संभावनाओं पर जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने संबंधित विभागों व सभी हितधारकों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। इस दौरान भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण के अधिकारियों ने अपनी हवाई यातायात संभावना रिपोर्ट प्रस्तुत की। इसे जिलाधिकारी ने उच्च स्तर पर भेजने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को हवाई अड्डे के विस्तारीकरण की व्यावहारिकता, सामाजिक प्रभाव आकलन और प्रशासनिक पहलुओं का विस्तृत अध्ययन कर समग्र रिपोर्ट तैयार करने के कड़े निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संबंधित विभाग आपसी समन्वय बनाकर औपचारिकताएं समय पर पूरी करें। हवाई अड्डे का उन्नयन पर्यटन को भारी बढ़ावा देने के साथ क्षेत्रीय विकास में मील का पत्थर साबित होगा। बैठक में अपर जिलाधिकारी योगेंद्र सिंह समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।

सुविधाओं का अंतर एक नजर में
वर्तमान स्थिति टू-सी श्रेणी: इस श्रेणी में केवल छोटे विमानों (बीस से चालीस सीटर) का ही संचालन संभव हो पाता है। हवाई पट्टी की लंबाई अपेक्षाकृत कम होती है। यात्रियों के लिए प्रतीक्षालय बेहद सीमित है और मात्र बुनियादी दिशा-निर्देशन सुविधाएं ही यहां उपलब्ध रहती हैं।

प्रस्तावित स्थिति थ्री-सी श्रेणी: इस उन्नत श्रेणी में आते ही हवाई अड्डे पर सत्तर सीटर या उससे बड़े यात्री विमानों का सुगमता से संचालन शुरू हो जाएगा। इसके लिए हवाई पट्टी का व्यापक विस्तार किया जाएगा। यात्रियों की सुविधा के लिए एक बड़ा आधुनिक यात्री भवन बनेगा। साथ ही खराब मौसम में भी सुरक्षित उड़ानों के लिए उन्नत एवं स्वचालित प्रणाली स्थापित की जाएगी, जिससे उड़ानें रद्द होने की संभावना बेहद कम हो जाएगी।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *