उत्तराखंड के देहरादून से पांवटा साहिब एनएच 07 का यमुना पुल से भूपपुर तक मार्ग की बदलेगी दशा………..

देहरादून: देहरादून से पांवटा साहिब एनएच-07 पर यमुना पुल (पुराना) से सूरजपुर तक करीब आठ वर्ष पहले फोरलेन मार्ग बना है। इसकी हालत काफी खराब हो गई थी। इसलिए बीच में डामरीकरण से कामचलाऊ ठीक किया गया है।

अब यमुना पुल से लेकर नए बने भूपपुर चौक तक इस मार्ग का सुदृढ़ीकरण कर दशा सुधारी जाएगी। इसके लिए करीब 15 करोड़ राशि को मंजूरी मिल चुकी है। इसमें टेंडर की प्रक्रिया हो रही है। बरसात रुकने के बाद इस एनएच मार्ग को चकाचक करने का कार्य शुरू होगा।

अधिवक्ता व समाजसेवी अनिंद्र सिंह नोटी, भरत ठाकुर, नंदलाल परवाल, इरफान, प्रदीप चौहान, कंवर ठाकुर व मनिंद्र सिंह मन्नी ने बताया कि प्रदेश में सबसे पहले एनएच का करीब 6-7 किमी हिस्सा फोरलेन हुआ था। ये मार्ग बद्रीपुर से शमशेरपुर, भूपपुर के आसपास काफी टूट गया था। एनएच ने इसका डामरीकरण तो करवाया है। लेकिन अभी भी दोपहिया वाहन व छोटे गाड़ियों के इस पर चलने के दौरान दिक्कतें आती रही हैं। फोरलेन सड़क के बीचों-बीच डिवाइडर है।

इसमें पौधरोपण नहीं है। दूसरी लेन में चलने वाले वाहन चालक की आंखों में रात के समय सीधी लाइट पड़ने से हादसे का खतरा रहता है। इस मार्ग के सुधारीकरण की मांग काफी अरसे की जाती रही है।

एनएच प्राधिकरण से अब बजट के प्रावधान की जानकारी मिल रही है। साथ ही डिवाइडर के बीच पांच फुट ऊंचे लोहे की पत्तियां लगाने का प्रावधान किया जा रहा है। पांवटा साहिब शहर से ये एनएच सात मार्ग गुजरता है। यमुना नदी पुल गोबिंदघाट से लेकर भूपपुर में बने नए चौक तक करीब 2.5 किलोमीटर सड़क का सुधारीकरण-पुनर्निर्माण होगा। इसमें नई डामर (तारकोल) परत बिछाई जाएगी। कैट-आई, रिफ्लेक्टर और स्ट्रीट लाइट, कुछ तंग हिस्सों का चौड़ीकरण, जल निकासी के लिए आरसीसी की नालियां, ब्लैक स्पॉट पर क्रैश बैरियर की भी व्यवस्था की जाएगी।

बरसात के बाद कार्य शुरू होगा: राकेश खंडूजा
राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिशासी अभियंता नाहन राकेश खंडूजा ने पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि ढाई किलोमीटर सड़क के सुदृढ़ीकरण योजना को करीब 15 करोड़ बजट की मंजूरी मिल गई है। अब शीघ्र टेंडर प्रक्रिया पूरी होगी। बरसात के बाद इस मार्ग का सुधारीकरण कार्य शुरू होगा।

हिमाचल-उत्तराखंड समेत लाखों यात्रियों को मिलेगी सुविधा
बजट की हालत सुधारने को करोड़ों रुपये बजट की स्वीकृति मिली है। कार्य पूरा होने पर विकासनगर, पांवटा साहिब, कुल्हाल, हरबर्टपुर, भूपपुर, माजरा और आसपास के क्षेत्रों के हजारों यात्रियों, व्यापारियों, संगतों, छात्र-छात्राओं को बेहतर व सुरक्षित आवागमन सुविधा होगी। खासकर हर वर्ष देश-विदेश से पहुंचने वाली लाखों संगतों को बेहतर सड़क सुविधा मिलेगी।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *