उत्तराखंड की राजधानी से 135 रुपये में करें रामनगर का सफर, जान लें ट्रेन का टाइम टेबल; हफ्ते में दो दिन ही चलेंगी………
देहरादून: रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 18 जुलाई को इस ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था। सेकेंड सीटिंग का किराया 135 रुपये तय किया गया है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 18 जुलाई को वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए रामनगर-देहरादून एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था।
दून से रामनगर जाने वाले मुसाफिरों को रेलवे ने सौगात दी है। वे 135 रुपये में दून से रामनगर का सीधा सफर कर सकेंगे। रेलवे ने पांच अगस्त से चलने वाली दून-रामनगर एक्सप्रेस की ऑनलाइन बुकिंग के साथ सभी श्रेणियों का किराया जारी कर दिया है। सेकेंड सीटिंग का किराया 135 रुपये तय किया गया है।
स्लीपर क्लास के लिए 215 रुपये देने होंगे। वातानुकूलित सफर के लिए एसी चेयरकार का किराया 460 रुपये, एसी थ्री टियर का किराया 520 रुपये और एसी टू टियर का किराया 725 रुपये रखा गया है। अब कम किराये में सीधी कनेक्टिविटी मिलने से जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क जाने वाले पर्यटकों के साथ-साथ दून आने और यहां से जाने वाले लोगों को सीधी सुविधा मिलेगी।
काठगोदाम एक्सप्रेस का शेड्यूल भी बदला
नई ट्रेन के संचालन को समायोजित करने के लिए रेलवे ने गाड़ी संख्या 12092/12091 काठगोदाम-देहरादून एक्सप्रेस के फेरों में भी बदलाव किया है। आगामी तीन अगस्त से यह ट्रेन सोमवार, मंगलवार, गुरुवार, शनिवार और रविवार को चलेगी।
इस ट्रेन की समयसारिणी
गाड़ी संख्या-15310 रामनगर से सुबह 05:50 बजे चलकर दोपहर 12:40 बजे दून पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी संख्या-15309 उसी दिन शाम 03:55 बजे दून से रवाना होगी। यह ट्रेन हरिद्वार (शाम 05:27), नजीबाबाद (शाम 06:26), मुरादाबाद (रात 08:25) पहुंचेगी। यहां से पीपलसाना, रोशनपुर और काशीपुर से होकर देर रात 11:30 बजे रामनगर पहुंचेगी।
हफ्ते में दो दिन संचालन
मुरादाबाद के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव ने बताया कि गाड़ी संख्या 15310/15309 रामनगर-दून एक्सप्रेस का नियमित संचालन पांच अगस्त से शुरू होगा। उन्होंने बताया, यह ट्रेन हर सप्ताह में दो दिन, बुधवार और शुक्रवार को चलाई जाएगी।
18 जुलाई को दिखाई गई थी हरी झंडी
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 18 जुलाई को वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए रामनगर-देहरादून एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था। इसी के साथ ही रामनगर से देहरादून तक ट्रेन चलाने की लंबे समय से चली आ रही स्थानीय निवासियों की मांग पूरी हो गई थी। वैष्णव ने दिल्ली से, धामी ने देहरादून से वीडियो कांफ्रेंसिंग से और पौड़ी सांसद अनिल बलूनी, हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र रावत, स्थानीय विधायक दीवान सिंह बिष्ट ने रामनगर रेलवे स्टेशन से ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

