उत्तराखंड के पटवाडांगर में बनेगी ‘प्रीमियम टूरिज्म सिटी’, बिलकेदार बनेगा ‘स्पिरिचुअल इकोनॉमिक जोन’………
देहरादून: उत्तराखंड सरकार उच्चस्तरीय व आध्यात्मिक पर्यटन को एक साथ विकसित कर राज्य की पर्यटन अर्थव्यवस्था को मजबूती देने की योजना पर आगे बढ़ रही है। इस कड़ी में नैनीताल के पटवाडांगर में इंटीग्रेटेड टूरिज्म सिटी बनाने की तैयारी है, जबकि बिलकेदार को स्पिरिचुअल इकोनामिक जोन बनाने के लिए मास्टर प्लान पर काम तेज हो गया है। इन परियोजनाओं से सरकार निजी निवेश आकर्षित कर रोजगार के नए अवसर सृजित करना चाहती है।
लग्जरी होटल बनेंगे, नेचर टूरिज्म होगा आकर्षण
पटवाडांगर में इंटीग्रेटेड टूरिज्म सिटी बनाने का जिम्मा सरकार ने उत्तराखंड निवेश एवं अवसंरचना विकास बोर्ड को सौंपा है। यूआइआईडीबी ने निविदा के जरिए पटवाडांगर में निवेशकों को आमंत्रित किया है। यह परियोजना 80 एकड़ भूमि पर विकसित होगी। इस इंटीग्रेटेड टूरिज्म सिटी में करीब 600 करोड़ के निवेश की संभावना है। इसमें 200 से अधिक लग्जरी होटल विकसित करने का लक्ष्य है।
प्रीमियम हॉस्पिटैलिटी प्रोजेक्ट के तहत चार और पांच सितारा होटल, रिसार्ट, स्पा एवं वेलनेस सेंटर, कांन्फ्रेंस-कन्वेंशन सेंटर, प्रीमियम रेस्टोरेंट, बुटीक होटल, विला, काटेज, एडवेंचर एवं नेचर टूरिज्म सुविधाएं, पार्किंग तथा अन्य आधुनिक पर्यटन अवसंरचना विकसित की जाएंगी।
विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) और सरकार की मंजूरी के बाद पूरा खाका तय होगा। इसे भविष्य के प्रमुख पर्वतीय पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की योजना है।
स्पिरिचुअल इकोनॉमिक जोन के लिए मास्टर प्लान पर काम तेज
ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेललाइन पर स्थित स्टेशनों के आसपास नए आध्यात्मिक शहरों को बसाने की योजना के तहत यूआईआईडीबी श्रीनगर तहसील के बिलकेदार क्षेत्र में पहला स्पिरिचुअल इकोनॉमिक जोन (एसईजेड) बनाने जा रहा है। इसके लिए मास्टर प्लानिंग और प्रोजेक्ट मैनेजमेंट कंसल्टेंसी पर काम तेज हो गया है।
मास्टर प्लान की रिपोर्ट के आधार पर निवेश मॉडल तैयार होगा। स्पिरिचुअल इकोनॉमिक जोन का उद्देश्य धार्मिक पर्यटन को योग, ध्यान, आयुर्वेद, वेलनेस, संस्कृति और स्थानीय अर्थव्यवस्था से जोड़ना है। चारधाम यात्रा मार्ग क्षेत्र में स्थित बिलकेदार को ऐसा आध्यात्मिक पर्यटन केंद्र बनाया जाएगा, जहां श्रद्धालु ठहरें और होटल, परिवहन, हस्तशिल्प, कृषि व सेवा क्षेत्र को लाभ हो।
‘पटवाडांगर में प्रीमियम टूरिज्म सिटी बनाने के लिए निविदा आमंत्रित की गई है, जबकि बिलकेदार परियोजना में मास्टर प्लान पर काम चल रहा है।’

