उत्तराखंड के हरिद्वार में मदर्स डे पर श्री वैश्य बंधु महिला विंग की ऑनलाइन बेकिंग क्लास का किया आयोजन……..

 

देहरादून: मदर्स डे के उपलक्ष्य में श्री वैश्य बंधु महिला विंग द्वारा महिलाओं के लिए एक विशेष ऑनलाइन बेकिंग क्लास का आयोजन किया गया। बढ़ती गर्मी को ध्यान में रखते हुए कार्यक्रम को ऑनलाइन माध्यम से आयोजित किया गया, ताकि सभी महिलाएं अपने घर पर रहकर सुरक्षित तरीके से इसमें भाग ले सकें और अपने परिवार के साथ इस आयोजन का आनंद उठा सकें।

 

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को घर बैठे नई-नई रेसिपी सीखने का अवसर प्रदान करना और उन्हें बेकिंग के प्रति प्रोत्साहित करना रहा। महिला विंग की ओर से बताया गया कि आज के समय में ऑनलाइन माध्यम के जरिए महिलाएं न केवल नई चीजें सीख सकती हैं, बल्कि अपने हुनर को भी निखार सकती हैं।

विशेष रूप से संस्था की वरिष्ठ महिलाओं को ध्यान में रखते हुए इस क्लास का आयोजन किया गया, ताकि वे जो स्वास्थ्य या अन्य कारणों से बाहर आकर कार्यक्रमों में शामिल नहीं हो पाती हैं, वे भी घर बैठे इस बेकिंग क्लास को देखकर नई रेसिपी सीख सकें और स्वयं को सक्रिय महसूस कर सकें।

ऑनलाइन बेकिंग क्लास में एकता जी ने प्रतिभागियों को विशेष बेकिंग रेसिपी बनाना सिखाया। उन्होंने आसान और घरेलू सामग्री के माध्यम से स्वादिष्ट व्यंजन तैयार करने के टिप्स साझा किए, जिन्हें महिलाओं ने काफी सराहा। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक सवाल पूछे और नई तकनीकों की जानकारी प्राप्त की।

 

महिला विंग की ओर से बताया गया कि भविष्य में भी महिलाओं के लिए इस प्रकार के रचनात्मक एवं उपयोगी कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे, जिससे महिलाओं को सीखने और आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिलता रहे।

 

कार्यक्रम के सफल आयोजन में संयोजक ललतेश, पिंकी, नीति, अर्चना, ज्योति एवं समस्त कार्यकारिणी का विशेष योगदान रहा।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *