उत्तराखंड में अल्मोड़ा के 13 पैदल मार्गों का होगा कायाकल्प, 7 करोड़ की डीपीआर शासन को भेजी…….
अल्मोड़ा: अल्मोड़ा नगर निगम ने शहर के 13 प्रमुख पैदल मार्गों के सुधारीकरण के लिए 7 करोड़ रुपये की डीपीआर शासन को भेजी है। नगर के विभिन्न वार्डों को जोड़ने वाले प्रमुख पैदल मार्गों का जल्द कायाकल्प होगा। लंबे समय से बदहाल पड़े 13 मार्गों के सुधारीकरण के लिए सात करोड़ की डीपीआर तैयार कर शासन को भेज दी गयी है।
शासन से स्वीकृति मिलने के बाद ही कार्य शुरू होगा। इससे लोगों को बेहतर आवागमन की सुविधाएं मिलेगी।
नगर के कई पैदल मार्ग वर्षों से जर्जर स्थिति में हैं। जगह-जगह गड्ढे और टूटी सतह के कारण लोगों को आवाजाही में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
इन मार्गों से प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग बाजार, स्कूल और अन्य जरूरी कार्यों के लिए गुजरते हैं। खराब मार्ग दुर्घटनाओं का कारण बनी है। आए दिन खासकर दोपहिया वाहन चालक अक्सर फिसलकर चोटिल हो रहे हैं।
इन मार्गों में बरसात के दौरान स्थिति और अधिक गंभीर हो जाती है। नालियों के ओवरफ्लो होने से गंदा पानी मार्गों में भर जाता है और कई स्थान तालाब जैसे नजर आने लगते हैं।
इससे स्थानीय लोगों को आवागमन में भारी दिक्कतें उठानी पड़ती हैं। नगरवासियों की लंबे समय से उठ रही मांग को देखते हुए नगर निगम ने 13 प्रमुख पैदल मार्गों के सुधारीकरण की योजना तैयार की है।
मार्गों के दुरुस्त होने के बाद न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि यातायात व्यवस्था भी अधिक सुरक्षित और बेहतर बन सकेगी।
इन मार्गों का होगा सुधारीकरण
ढूंगाधारा, गोपालधारा, दुर्गालाखोला, राजपुरा, जीआईसी, भ्यारखोला, बावनसीढ़ी, चंपानौला समेत नगर के 13 प्रमुख पैदल मार्गों को योजना में शामिल किया गया है।
नगर की प्रमुख पैदल मार्गों के सुधारीकरण के लिए डीपीआर तैयार कर शासन को भेज दी गई है। स्वीकृति मिलने के बाद ही कार्य शुरू होगा।” :सीमा विश्वकर्मा, नगर आयुक्त, नगर निगम अल्मोड़ा

