उत्तराखंड में अब अगले माह से फास्टैग से जुड़ेंगे नैनीताल के तीनों टोल, जाम से मिलेगी निजात……..
नैनीताल: शहर में एक साल से नगर पालिका की ओर से संचालित किए जा रहे टोल शुल्क की वसूली अब फास्टैग के माध्यम से हो सकेगी।
पालिका ने भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) से टोल नाकों को फास्टैग सिस्टम से जोड़ने के लिए अनुमति मांगी है। करीब एक सप्ताह में अनुमति मिलने के बाद अगले माह तक इसे शुरू कर दिया जाएगा।
नगरपालिका को दिए निर्देश
टोल में फास्टैग सिस्टम लागू होने के बाद जाम की समस्या से निजात मिलने के साथ ही शुल्क वसूली में पारदर्शिता आएगी। पर्यटन सीजन की बैठक में डीएम ललित मोहन रयाल ने इसको प्राथमिकता से स्थापित करने के निर्देश नगरपालिका को दिए थे।
बीते वर्ष हाई कोर्ट ने नगर पालिका को पार्किंग और टोल का संचालन शुरू करने के निर्देश दिए थे। पालिका ने शुल्क में बढ़ोतरी कर तल्लीताल लेक ब्रिज चुंगी के साथ ही कालाढूंगी रोड में बारापत्थर व कलेक्ट्रेट मार्ग में फांसी गधेरा के समीप टोल बूथ स्थापित कर शुल्क वसूली शुरू कर दी थी। हालांकि हाई कोर्ट की ओर से टोल में फास्टैग सिस्टम स्थापित करने के निर्देश एक वर्ष में भी धरातल पर नहीं उतर सके।
दो सप्ताह पूर्व डीएम ललित मोहन रयाल ने इस पर्यटन सीजन सभी टोल बूथों को फास्टैग से जोड़ने के निर्देश दिए तो पालिका अब कवायद में जुट गई है।
ईओ रोहिताश शर्मा ने बताया कि जिलाधिकारी की ओर से ही एनएचएआई को पत्र लिखा है, जिसमें टोल को फास्टैग से जोड़ने की अनुमति मांगी गई है। बताया कि करीब एक माह में अनुमति मिल जाएगी। फास्टैग बैंक खाते को एचडीएफसी बैंक में खुलवाकर संचालित करने की कवायद कार्यालय स्तर पर की जा रही है।
ईओ ने बताया कि फास्टैग स्थापित होने के बाद शुल्क वसूली में लगने वाले समय की बचत होगी। पर्यटक वाहनों के बूथ पर आते ही शुल्क कट जाएगा, जिससे जाम की समस्या से भी निजात मिलेगी। फास्टैग से शुल्क वसूल की गई रकम सीधा पालिका के बैंक खाते में जमा होगी, जिससे वसूली में भी पारदर्शिता आएगी।
पास वाले वाहनों का कटेगा जीरो शुल्क
ईओ ने बताया कि फास्टैग लगे सभी वाहनों से सिस्टम स्वत: ही शुल्क की कटौती कर लेगा, लेकिन नगर पालिका से पास बनाने वाले और सरकारी वाहनों को इसमें छूट दी जाएगी। पास वाले वाहनों का डेटा सिस्टम में पहले ही अंकित किया जाएगा, जिससे टोल बूथ में पहुंचने पर उनके फास्टैग खाते से शून्य शुल्क कटने का नोटिफिकेशन देते हुए गेट स्वत: खुल जाएंगे।

