उत्तराखंड की राजधानी में गैस सिलिंडर डिलीवरी में देरी से भड़के उपभोक्ता, अनिकेत एजेंसी पर किया हंगामा…….
देहरादून: गैस सिलिंडर का इंतजार करने वाले झाझरा के उपभोक्ताओं का आखिरकार सब्र टूट गया। उपभोक्ताओं ने एजेंसी पहुंचकर जमकर हंगामा किया।
उपभोक्ताओं ने सिलिंडर की डिलीवरी में देरी और डीएसी नंबर नहीं आने के आरोप लगाए। इस दौरान कर्मियों और उपभोक्ताओं की बीच तीखी बहस हुई।
हालांकि, कुछ लोगों के बीच-बचाव से मामला शांत हो गया। हंगामे की सूचना पर पूर्ति निरीक्षक पंकज काला गैस एजेंसी पहुंचे और उपभोक्ताओं को जल्द सिलिंडर डिलीवरी का आश्वासन दिया।
शनिवार को झाझरा स्थित अनिकेत गैस एजेंसी में उपभोक्ताओं की भारी भीड़ उमड़ी। उपभोक्ताओं ने हंगामा करते हुए प्रबंधन पर गैस सिलिंडर डिलीवरी में धांधली का आरोप लगाया। एजेंसी प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की।
उपभोक्ता एजेंसी कार्यालय में घुस गए और कर्मियों के साथ कहासुनी हो गई। उपभोक्ताओं ने कहा कि गैस बुक करने के 7 से 10 दिन तक भी सिलिंडर की डिलीवरी नहीं हो रही है।
गैस बुक करने के एक सप्ताह बाद भी डीएसी नंबर नहीं भेजा जा रहा है। ऐसे में गैस नहीं मिलने से परेशानी झेलनी पड़ रही है।
घर-घर नहीं हो रही सिलिंडर की डिलीवरी
उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया कि गैस सिलिंडर की घर-घर डिलीवरी नहीं हो रही है। एजेंसी की गाड़ियां क्षेत्र में कभी खाली प्लाट तो कभी नदी-नालों के पास खड़ी कर सिलिंडर वितरण किए जाते हैं, जबकि उपभोक्ता घर पर सिलिंडर आने की राह देखते रहते हैं। एजेंसी के कर्मियों की मिलीभगत से सिलिंडर बाजार में ब्लैक में बेचे जा रहे हैं।
एजेंसी में बढ़ रहा बैकलाग का बोझ
एजेंसी मैनेजर हिमांशु ने बताया कि बैकलाग का बोझ लगातार बढ़ रहा है। क्षेत्र के करीब 10 हजार उपभोक्ता एजेंसी से जुड़े हैं। एजेंसी पर अब भी 1436 सिलिंडरों का बैकलाग है।
शनिवार को 276 घरेलू सिलिंडर डिलीवर किए गए है, जबकि रविवार को 324 घरेलू और 24 कमर्शियल सिलिंडर की डिलीवरी की जाएगी।
कहा, फूलसणी, हरियावाला, चौकी धौलास व बादशाही बाग क्षेत्र में नेटवर्क खराब होने के कारण कई बार डीएसी नंबर फोन तक नहीं पहुंच पाता।
डीएसी नंबर और सिलिंडर की जल्द डिलीवरी को लेकर उपभोक्ताओं की भीड़ एजेंसी पर जमा हुई थी। उपभोक्ताओं को पूरा मामला समझाया गया है।
बाटलिंग प्लांट की देरी से भी बढ़ रही परेशानी
इंडेन गैस के बाटलिंग प्लांट से सिलिंडर देरी से एजेंसी तक पहुंच रहे हैं। शनिवार को चार दिन में सिलिंडर एजेंसी पहुंचे, जबकि इससे पहले सात दिन के बाद गाड़ी पहुंची थी।
यही नहीं बाटलिंग प्लांट भी लगातार बदल रहे हैं। फिलहाल, करनाल से सिलिंडर एजेंसी पहुंच रहे हैं। इससे पहले हरिद्वार और यूपी के लोनी बाटलिंग प्लांट से सिलिंडर एजेंसी आए थे।
बोले उपभोक्ता
गैस बुक कराए 10 दिन हो गए हैं, लेकिन अभी तक डीएसी नंबर प्राप्त नहीं हुआ है। वहीं, गैस खत्म होने से भोजन पकाने में परेशानी हो रही है। 45 दिनों के बाद भी गैस समय पर उपलब्ध नहीं हो पा रही है। :धनंजय सिंह, उपभोक्ता
गैस बुकिंग कराए एक सप्ताह का समय गुजर गया है, लेकिन अभी तक डीएसी नंबर नहीं मिला। वहीं, घर पर गैस सिलिंडर खत्म हो गया है। एजेंसी कर्मी जल्द डीएसी फोने पर भेजने की बात कहकर घर लौटा देते हैं। :नीरज, उपभोक्ता

