उत्तराखंड में IAS सचिन कुर्वे को बड़ी जिम्मेदारी, बने चेन्नई पोर्ट अथॉरिटी के चेयरमैन……..
देहरादून: उत्तराखंड कैडर के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी सचिन कुर्वे को केंद्र सरकार ने बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। केंद्र सरकार ने उन्हें चेन्नई पोर्ट अथॉरिटी का नया चेयरमैन नियुक्त किया है।
इस संबंध में शुक्रवार को आधिकारिक आदेश जारी कर दिए गए।
सचिन कुर्वे अगले पांच वर्षों तक चेन्नई पोर्ट अथॉरिटी के चेयरमैन पद की जिम्मेदारी संभालेंगे।
वर्तमान में सचिन कुर्वे उत्तराखंड शासन में सचिव (स्वास्थ्य) के पद पर कार्यरत हैं। उनकी नियुक्ति को प्रशासनिक क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
2003 बैच के वरिष्ठ IAS अधिकारी हैं सचिन कुर्वे
सचिन कुर्वे वर्ष 2003 बैच के आईएएस अधिकारी हैं और प्रशासनिक अनुभव के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने उत्तराखंड और अन्य राज्यों में कई महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दी हैं।
इससे पहले वे प्रतिनियुक्ति पर महाराष्ट्र में भी करीब पांच वर्षों तक तैनात रहे। महाराष्ट्र में उन्होंने नागपुर और नवी मुंबई के जिलाधिकारी सहित कई अहम जिम्मेदारियां निभाईं।
इसके अलावा वे महाराष्ट्र सरकार में सचिव मुख्यमंत्री जैसे महत्वपूर्ण पद पर भी कार्य कर चुके हैं। उनकी प्रशासनिक कार्यशैली और फैसलों को हमेशा सराहा गया है।
उत्तराखंड के कई जिलों में निभाई अहम जिम्मेदारी
उत्तराखंड में भी सचिन कुर्वे का लंबा प्रशासनिक अनुभव रहा है।
वे रुद्रप्रयाग, टिहरी, देहरादून और हरिद्वार जैसे महत्वपूर्ण जिलों के जिलाधिकारी रह चुके हैं।
स्वास्थ्य सचिव के तौर पर भी उन्होंने कई अहम योजनाओं और व्यवस्थाओं को प्रभावी ढंग से संचालित किया। अब चेन्नई पोर्ट अथॉरिटी की जिम्मेदारी मिलने के बाद उनकी नई भूमिका पर सबकी नजरें टिकी हैं।
विशेषज्ञों का मानना है कि उनके अनुभव और प्रशासनिक क्षमता का लाभ चेन्नई पोर्ट अथॉरिटी को मिलेगा। केंद्र सरकार की यह नियुक्ति उत्तराखंड के लिए भी गौरव की बात मानी जा रही है।

