उत्तराखंड के हल्द्वानी-काशीपुर में एक ही जमीन की 5 बार हुई रजिस्ट्री, 30 मामलों में होगी प्राथमिकी………
हल्द्वानी: सर्किट हाउस हल्द्वानी में अधिकारियों के साथ लैंड फ्राड समन्वय समिति की बैठक करते कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत। जमीनों की खरीद-बिक्री बढ़ने के साथ ही धोखाधड़ी के मामले भी बढ़ रहे हैं। हल्द्वानी के कठघरिया क्षेत्र में एक ही प्लाट की पांच बार रजिस्ट्री कर खरीदारों को माफिया ने चूना लगाया गया।
इसमें सेना से सेवानिवृत्त होकर आए एक जवान को भी ठगा गया। काशीपुर में भी कुछ ऐसा ही हुआ, जिसमें एक प्लाट की रजिस्ट्री चार बार कराकर आम लोगों को लूटा गया।
रुद्रपुर में तो भूमाफिया ने करीब तीन बीघा नजूल भूमि प्लाटिंग कर बेच दी। ये कुछ उदाहरण हैं। नैनीताल, ऊधम सिंह नगर और अल्मोड़ा जिले के ऐसे ही 30 मामलों में लैंड फ्राड समन्वय समिति ने प्राथमिक दर्ज कराने की संस्तुति की है।
हल्द्वानी सर्किट हाउस में सोमवार को मुख्यमंत्री के सचिव एवं कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत की अध्यक्षता में लैंड फ्राड समन्वय समिति की बैठक हुई।
इसमें भूमि संबंधित फर्जीवाड़े के 77 मामलों की समीक्षा की गई। जिसमें अल्मोड़ा के एक, ऊधम सिंह नगर 12 और नैनीताल के 17 लैंड फ्राड से जुड़े मामलों में केस दर्ज कराने को कहा गया। कमिश्नर ने अधिकारियों को मामलों का प्राथमिकता से निस्तारण करने के सख्त निर्देश दिए।
आयुक्त ने कहा कि एक ही संपत्ति की कई बार रजिस्ट्री के मामलों को रोकने के लिए रजिस्ट्रार और सब-रजिस्ट्रार सहित अन्य की जवाबदेही तय होगी। दाखिल-खारिज से पहले लेखपाल की ओर से स्थलीय निरीक्षण न करना गंभीर लापरवाही है।
बिना भौतिक सत्यापन के रिकार्ड बदलने से गलत भूमि हस्तांतरण, सीमा विवाद और धोखाधड़ी की स्थिति पैदा होती है। ऐसे में पटवारी मौके पर जाकर जमीन की जांच करें।
बैठक में आइजी कुमाऊं निवेदिता कुकरेती, नैनीताल के एसएसपी मंजुनाथ टीसी, ऊधम सिंह नगर के डीएम नितिन भदौरिया, एसएसपी अजय गणपति, एडीएम पंकज उपाध्याय, नगर आयुक्त हल्द्वानी परितोष वर्मा शामिल रहे।
रानीखेत में जमीन दिलाने के नाम पर फर्जीवाड़ा
समिति के सामने रानीखेत में दिल्ली के छह लोगों से जमीन दिलाने के नाम पर हुए फर्जीवाड़े का मामला भी आया। इसमें प्रापर्टी डीलर ने संबंधित व्यक्तियों को जमीन दिखाकर रुपये ले लिए लेकिन जब रजिस्ट्री की बात आई तो उन्हें जंगल के पास कोई अन्य भूमि देने की बात कह दी।
बैंक की मिलीभगत से फौजी के मकान पर लिया 75 लाख का लोन
हल्द्वानी के कठघरिया क्षेत्र में भूमाफिया और गाजियाबाद स्थित एक बैंक के अधिकारियों की मिलीभगत से फौजी के मकान पर 75 लाख रुपये का लोन लेने का मामला सामने आया है।
जिसमें फौजी की पत्नी को गुमराह कर पहले मकान पर लिया गया 12 लाख का लोन चुकाया गया।
फिर रुपये दोगुने करने का झांसा देकर बैंक अधिकारियों संग मिलकर भूमाफिया ने गाजियाबाद की शाखा से कर्ज ले लिया। लोन चुकाने का नोटिस आने पर परिवार को पता चला। अब मकान नीलामी की कगार पर है।

