उत्तराखंड के अल्मोड़ा में मुख्यमंत्री धामी ने गिनाईं सरकार की उपलब्धियां, विकास और पर्यटन पर जोर………
अल्मोड़ा: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को दन्या में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए प्रदेश सरकार की उपलब्धियों और विकास योजनाओं को जनता के सामने रखा।
उन्होंने अपने संबोधन की शुरुआत “हर-हर महादेव” और “जय श्रीराम” के उद्घोष के साथ की तथा क्षेत्र की जनता के उत्साह को देखकर प्रसन्नता व्यक्त की। इससे पूर्व दन्या महाविद्यालय का लोकार्पण किया।
मुख्यमंत्री ने जागेश्वर विधायक मोहन सिंह महरा की सराहना करते हुए उन्हें युवा और विकास के प्रति समर्पित जनप्रतिनिधि बताया। उन्होंने कहा कि विधायक क्षेत्र के विकास को लेकर हमेशा चिंतित रहते हैं। साथ ही “टीम जागेश्वर” को सबसे सशक्त टीम बताते हुए उसकी सामूहिक कार्यशैली की प्रशंसा की।
धार्मिक पर्यटन केंद्र बनाने की दिशा में सरकार संकल्पि
धामी ने कहा कि राज्य में सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में तेजी से कार्य हो रहा है तथा उत्तराखंड को विश्वस्तरीय सांस्कृतिक और धार्मिक पर्यटन केंद्र बनाने की दिशा में सरकार संकल्पित है। उन्होंने बताया कि दन्या स्थित पौराणिक सैम मंदिर के जीर्णोद्धार पर दो करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। प्रदेश में बारहमासी पर्यटन और आध्यात्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने से स्थानीय अर्थव्यवस्था मजबूत हो रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वन डिस्ट्रिक्ट-वन फेस्टिवल योजना, मत्स्य पालन, कीवी और सेब उत्पादन को प्रोत्साहन देकर रोजगार के नए अवसर सृजित किए जा रहे हैं, जिससे रिवर्स पलायन की स्थिति बनने लगी है। उन्होंने पिथौरागढ़ हेलीपैड के संचालन और छोटे-छोटे क्षेत्रों को हवाई संपर्क से जोड़ने की योजनाओं का भी उल्लेख किया।
विपक्ष पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने नकल विरोधी कानून लागू कर युवाओं को योग्यता और प्रतिभा के आधार पर रोजगार देने का कार्य किया है। उन्होंने गंगोलीहाट-जागेश्वर सड़क निर्माण की घोषणा करते हुए क्षेत्र से जुड़े 40 सूत्रीय मांगपत्र का परीक्षण कर शीघ्र निर्णय लेने का आश्वासन दिया।

