अगर आप उत्तराखंड के मसूरी में घूमने का बना रहे प्लान, तो पहले कर लें होटल बुक, तभी मिलेगी एंट्री………

देहरादून: वीकेंड पर मसूरी और चकराता में बढ़ती पर्यटक भीड़ को देखते हुए देहरादून पुलिस ने स्पेशल ट्रैफिक प्लान लागू किया है. फिलहाल बस और टेंपो ट्रैवलर से आने वाले यात्रियों को होटल बुकिंग स्लिप दिखाने के बाद ही मसूरी भेजा जा रहा है. ट्रैफिक दबाव बढ़ने पर यह नियम अन्य वाहनों पर भी लागू किया जा सकता है. पूरे रूट पर अतिरिक्त पुलिस बल, ड्रोन निगरानी और डायवर्जन प्लान की व्यवस्था की गई है।

मसूरी. वीकेंड पर पहाड़ों की रानी मसूरी घूमने का प्लान बना रहे पर्यटकों के लिए अहम खबर है. बढ़ती पर्यटक भीड़ और ट्रैफिक दबाव को देखते हुए देहरादून पुलिस ने मसूरी और आसपास के इलाकों के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान लागू कर दिया है. पुलिस प्रशासन का उद्देश्य पर्यटकों को सुरक्षित और सुगम यात्रा उपलब्ध कराना है, ताकि वीकेंड के दौरान जाम और अव्यवस्था की स्थिति से बचा जा सके। नई व्यवस्था के तहत फिलहाल बस और टेंपो ट्रैवलर से मसूरी आने वाले यात्रियों को होटल बुकिंग स्लिप दिखाने के बाद ही आगे जाने की अनुमति दी जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यदि पर्यटकों की संख्या और अधिक बढ़ती है तो यह नियम निजी कारों और अन्य वाहनों पर भी लागू किया जा सकता है। प्रशासन का मानना है कि इससे अनावश्यक भीड़ को नियंत्रित करने में मदद मिलेगी और शहर में ट्रैफिक व्यवस्था बेहतर बनी रहेगी।

मसूरी और चकराता में बढ़ रही है पर्यटकों की भीड़
गर्मी और वीकेंड की छुट्टियों के कारण चकराता और मसूरी में बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंच रहे हैं. इसी को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने पूरे रूट पर अतिरिक्त सतर्कता बढ़ा दी है. दिल्ली एक्सप्रेसवे से लेकर मसूरी तक के मार्ग को 6 सुपर जोन, 12 जोन और 21 सेक्टर में विभाजित किया गया है. हर सेक्टर में पुलिसकर्मियों की विशेष ड्यूटी लगाई गई है ताकि ट्रैफिक को सुचारु रूप से संचालित किया जा सके।

ट्रैफिक व्यवस्था पर नजर रखने के लिए करीब 180 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है. इसके साथ ही तीन ड्रोन कैमरों के जरिए लगातार निगरानी भी की जाएगी। पुलिस अधिकारियों के अनुसार ड्रोन से भीड़भाड़ वाले इलाकों और जाम की स्थिति पर तुरंत नजर रखी जाएगी, जिससे जरूरत पड़ने पर तुरंत ट्रैफिक डायवर्ट किया जा सके।

पार्किंग फुल होने पर लागू होगा डायवर्जन प्लान।
पुलिस ने यह भी बताया कि यदि मसूरी की पार्किंग पूरी तरह भर जाती है तो वाहनों को किंग क्रेग और हाथीपांव रोड की ओर डायवर्ट किया जाएगा। प्रशासन ने इसके लिए वैकल्पिक रूट भी तैयार किए हैं. पुलिस का कहना है कि ट्रैफिक दबाव और भीड़ की स्थिति के अनुसार इस प्लान को चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा, ताकि पर्यटकों को कम से कम परेशानी का सामना करना पड़े।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *