उत्तराखंड में चोरगलिया को मिली बड़ी सौगात, शेर नाला पर 9.93 करोड़ से बने पुल का सीएम धामी ने किया लोकार्पण………..

हल्द्वानी: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को नैनीताल जिले के चोरगलिया क्षेत्र का भ्रमण कर क्षेत्रवासियों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को उनके त्वरित समाधान के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने हल्द्वानी-चोरगलिया-सितारगंज मार्ग पर शेर नाला में 9.93 करोड़ रुपये की लागत से नवनिर्मित 120 मीटर स्पान डबल लेन आरसीसी कंक्रीट सेतु का लोकार्पण किया।

मुख्यमंत्री राजकीय इंटर कॉलेज लाखनमंडी, चोरगलिया पहुंचे, जहां जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। विद्यालय परिसर में मुख्यमंत्री ने क्षेत्रीय जनता एवं जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसमस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निस्तारण किया जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। छोटी-छोटी समस्याओं के लिए लोगों को बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।

इसके बाद मुख्यमंत्री ने शेर नाला पर नवनिर्मित पुल का लोकार्पण किया। मानसून के दौरान शेर नाला उफान पर आने के कारण इस मार्ग पर आवागमन अक्सर बाधित हो जाता था। इससे स्थानीय लोगों के साथ-साथ पर्यटकों को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ता था और लोगों को लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी।

नए पुल के निर्माण से हल्द्वानी-चोरगलिया-सितारगंज मार्ग पर आवागमन सुगम होने के साथ ही बरसात के दौरान क्षेत्र की कनेक्टिविटी मजबूत होगी। पुल से स्थानीय जनता के साथ-साथ इस मार्ग से गुजरने वाले पर्यटकों और यात्रियों को भी बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

क्षेत्रवासियों ने पुल के लोकार्पण पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार जताया और इसे लंबे समय से चली आ रही समस्या का स्थायी समाधान बताया।

इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, लालकुआं विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरमवाल, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *