उत्तराखंड के हरिद्वार में पुलिस ने पंजाब में दबोचे जाली नोट के दो सरगना, नकली नोटों की खेप बरामद……..
हरिद्वार: जाली नोट के धंधे पर बड़ी कार्रवाई करते हुए हरिद्वार कोतवाली की पुलिस टीम ने पंजाब जाकर गिरोह के दो सरगनाओं को गिरफ्तार कर लिया।
उनसे कुल 1.05 लाख रुपये के जाली नोट, नकली नोट छापने में इस्तेमाल होने वाला प्रिंटर और एक कार बरामद हुई है। पड़ताल में सामने आया है कि एक आरोपित ढाबे की आड़ में तो दूसरा कपड़ा बेचने की आड़ में जाली नोटों का धंधा कर रहा था।
कई अहम जानकारियां दी
एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि पिछले दिनों शहर कोतवाली क्षेत्र में चार बाप बेटों को जाली नोट चलते हुए पकड़ा गया था। पुलिस कस्टडी डिमांड पर पूछताछ में उन्होंने कई अहम जानकारियां दी थी। जिसके बाद शहर कोतवाल कुंदन सिंह राणा के नेतृत्व में एक पुलिस टीम ने पंजाब के पठानकोट में दबिश दी।
जहां पवन कुमार निवासी ग्राम शिखर, तहसील डेरा बाबा नानक, थाना कोटली सूरत मल्ली, जिला गुरदासपुर को 5,000 रुपये के नकली नोटों के साथ गिरफ्तार किया गया। वहीं सुखबीर सिंह निवासी भटिक्के, थाना तरसिक्का, जिला अमृतसर के कब्जे से एक लाख रुपये के जाली नोट, नकली नोट छापने में प्रयुक्त प्रिंटर और एक कार बरामद हुई।
जांच में सामने आया कि दोनों आरोपित असली 50 हजार रुपये लेकर बदले में एक लाख रुपये के जाली नोट देकर मोटा मुनाफा कमाते थे। पवन ढाबे की आड़ में और सुखबीर कपड़ों के कारोबार की आड़ में नकली नोटों का धंधा चला रहा था।
दोनों की दोस्ती जेल में हुई थी, जिसके बाद उन्होंने मिलकर यह गिरोह खड़ा किया। दोनों के अपराधिक इतिहास के जांच भी की जा रही है।

