मौसम विभाग के अनुसार 1-2 मई को गिरेगा तापमान, 16 राज्यों में आंधी-बारिश-वज्रपात, लू-ओलावृष्टि से रहें सावधान……..
दिल्ली: उत्तर भारत में एक मई तक मौसम बदला रहेगा और पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से दिल्ली, यूपी, बिहार समेत कई राज्यों में धूल भरी आंधी के साथ आकाशीय बिजली और ओले गिरने और हल्की बारिश होने का पूर्वानुमान है। अगले 2 दिन तक जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में पानी बरसने और ओलावृष्टि की चेतावनी है। उधर, समूचे पूर्वोत्तर के राज्यों में भारी तूफान और मूसलाधार बारिश का अलर्ट है, जबकि दक्षिण भारत भी बादलों की गिरफ्त में रहेगा।
देशभर में पड़ रही भीषण गर्मी और लू के बीच राहत भरी खबर है। आईएमडी ने अधिकांश राज्यों के मौसम में परिवर्तन के संकेत दिए हैं। पहाड़ों पर सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ का असर हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर के ऊंचे भागों पर है और पिछले 2 दिन से आंधी-पानी के साथ ओलावृष्टि से मौसम बदला हुआ है। ये गतिविधियां एक मई को भी जारी रहेंगी। एक मई तक समूचे उत्तर भारत में विक्षोभ का प्रभाव है और हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, दिल्ली, यूपी और बिहार में आंधी-पानी, ओलावृष्टि के साथ आकाशीय बिजली गिरने का खतरा है।
इससे अगले 2 दिन तक अधिकतम तापमान में कमी दर्ज की जाएगी। उधर, दक्षिण भारत और पूर्वोत्तर में प्री मानसून के संकेत मिल रहे हैं। स्काईमेट ने पूर्वानुमान जारी करते हुए केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक समेत पश्चिमी घाट के जिलों में तूफानी हवाएं चलेंगी और झमाझम पानी बरसेगा। इस पूरे सप्ताह पूर्वोत्तर में चक्रवाती परिसंचरण (Cyclonic Circulation) के प्रभाव से तूफान, बारिश और वज्रपात का अलर्ट जारी रखा गया है। हालांकि, अधिकांश राज्यों के कुछ हिस्सों पर हीटवेव का सिलसिला जारी रहेगा।
यूपी में कैसा रहेगा मौसम
उत्तर प्रदेश के लोगों को भीषण गर्मी से मामूली राहत मिली है। प्रदेश के अधिकांश जिलों पर पश्चिमी विक्षोभ का असर दिखाई दे रहा है। मौसम विभाग ने बताया कि पिछले कई घंटों के दौरान आंधी-बारिश की गतिविधियां होने से तापमान में कमी आई है, जिससे तपिश कम हुई है। पश्चिमी यूपी के कई जिलों बागपत, नोएडा, गाजियाबाद से लेकर कानपुर तक धूल भरी आंधी के साथ बादल बरसे। आईएमडी ने अगले 24 घंटे के दौरान बुंदेलखंड के हिस्सों पर पानी गिरने, ओले गिरने की संभावना है। इस दौरान बांदा, हमीरपुर, कानपुर, फतेहपुर, चित्रकूट, जालौन, झांसी, कौशांबी, प्रयागराज, वाराणसी, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, संत रविदास नगर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर,जौनपुर, गाजीपुर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थ नगर, गोंडा, बहराइच, सीतापुर, लखीमपुर खीरी, हरदोई, , बलरामपुर, श्रावस्ती, फर्रुखाबाद, लखनऊ, उन्नाव, बाराबंकी, सुलतानपुर, अयोध्या, अंबेडकर नगर, बुलंदशहर, आगरा, मथुरा, अलीगढ़, हाथरस, कासगंज, एटा, फिरोजाबाद, इटावा, मैनपुरी, औरेया, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं समेत कई जिलों में धूल वाली आंधी और मध्यम बारिश का येलो अलर्ट जारी है।
बिहार में बारिश होगी क्या
बिहार में मौसम ने करवट ली है, जिससे मौसम काफी सुहावना हो चला है। मौसम विभाग ने राज्य के 22 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी रखा है। पिछले कई घंटों के दौरान तेज हवाओं और आंधी बारिश के कारण भारी नुकसान भी हुआ है और कई स्थानों पर ठनका के साथ ओले भी गिरे। आईएमडी ने पटना, कटिहार, भागलपुर, बिहारशरीफ, हाजीपुर, गयाजी, पूर्णिया और आरा में मौसमी गतिविधियां होने से हवा साफ हुई और लोगों को गर्मी के साथ प्रदूषण से भी राहत मिली है।
दिल्ली-एनसीआर में कल का मौसम
दिल्ली-एनसीआर में गुरुवार की शाम से बदले मौसम ने तापमान पर बड़ा असर डाला है। समूचे एनसीआर में तेज आंधी के साथ बारिश और ओलावृष्टि हुई, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली। आईएमडी ने अगले कुछ घंटों बारिश की गतिविधियों में तेजी आने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। अधिकांश हिस्सों पर बादल छाए रहने और 70 किमी. की रफ्तार से तूफानी हवाएं चलने की आशंका है। एक मई को भी शाहदरा, विवेक विहार, दिलशाद गार्डन, सीमापुरी, सीलमपुर, प्रीत विहार, सिविल लाइंस, कश्मीरी गेट, लाल किला, राजीव चौक, आईटीओ, इंडिया गेट, अक्षरधाम, नेहरू स्टेडियम, लाजपत नगर, कालकाजी, तुगलकाबाद और नोएडा में छिटपुट ओलावृष्टि और गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। तेज हवाओं और बारिश के कारण तापमान में बहुत गिरावट दर्ज की जा रही, जिससे लोगों को गर्मी से काफी राहत मिली है।
राजस्थान का मौसम कैसा रहेगा
राजस्थान में भीषण गर्मी के बीच बादलों ने राहत की बूंदे बरसाई हैं, जिससे अधिकतम तापमान में आंशिक तौर पर गिरावट दर्ज की गई है। जयपुर मौसम केंद्र के मुताबिक, बादलों की गरज और तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश और बूंदाबांदी से मौसम में बदलाव देखा जा रहा है। कहीं-कहीं अधिकतम तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस तक गिरकर 40-42 डिग्री दर्ज किया जा रहा है। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने और बंगाल की खाड़ी से आने वाली पूर्वी हवाओं के असर से अगले 2-3 दिन मेघ गर्जन के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी के साथ हल्की बारिश होने का अनुमान है।
एमपी में मौसम कैसा है
मध्य प्रदेश के कई जिलों में सूरज की तपिश से हाल-बेहाल हैं। गर्मी और लू ने बेबस कर रखा है। इसी बीच राज्य के कुछ हिस्सों पर बादलों की मेहरबानी से तापमान कंट्रोल हुआ है। आईएमडी के मुताबिक, अगले कुछ घंटे तक राज्य के कुछ जिलों में तेज आंधी के साथ बारिश और आकाशीय बिजली गिरने का खतरा है। खासकर, सागर, रीवा, और चंबल संभाग समेत करीब 30 जिलों में मौसम खराब हो सकता है।
हरियाणा का मौसम कैसा रहेगा
हरियाणा के कुछ हिस्सों पर पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से गर्मी से राहत मिली है। आईएमडी ने अंबाला, यमुनानगर, करनाल, पंचकूला, सोनीपत, पानीपत, फरीदाबाद, गुरुग्राम और पलवत समेत कई हिस्सों पर तेज आंधी चलने और मध्यम स्तर की बारिश होने की संभावना व्यक्त की है। इस दौरान आकाशीय बिजली गिरने और ओलावृष्टि होने का खतरा हो सकता है। मौसम में बदलाव से करीब 4 से 5 डिग्री सेल्सियस तापमान में गिरावट से गर्मी से त्वरित राहत मिली है।
पंजाब में बारिश होगी क्या
पंजाब के कई हिस्सों पर पश्चिमी विक्षोभ का असर है, जिसके असर से बादलों की आवाजाही जारी है और तेज बिजली कड़कने की आवाजें सुनाई दे रही हैं। मौसम विभाग ने बताया कि अगले 24 घंटे के दौरान होशियारपुर, मोहाली, पठानकोट, रूपनगर, गुरदासपुर, अमृतसर, नवांशहर, कपूरथला, लुधियाना, पटियाला, फतेहगढ़ साहिब और मोहाली समेत कई जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट घोषित किया गया है।
उत्तराखंड में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस
उत्तराखंड में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के असर से मौसम का मिजाज बदला हुआ है। आईएमडी ने देहरादून, टिहरी, उत्तरकाशी, चमोली, पिथौरागढ़, रूद्रप्रयाग, बागेश्वर और नैनीताल में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का येलो अलर्ट जारी रखा है। कई हिस्सों पर तेज बारिश और बर्फबारी की भी संभावना है, जिससे पारा लुढ़क गया है और लोगों को गर्मी से राहत मिली है। खराब मौसम के दौरान लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है।
हिमाचल प्रदेश का मौसम कैसा है
पहाड़ों पर एक्टिव वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के असर से हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों पर है। आईएमडी शिमला ने बताया कि शिमला, कुफरी, ठियोग, भागू समेत कई हिस्सों पर तेज आंधी के साथ बारिश एवं ओलावृष्टि हुई, जिससे मौसम पूरी तरह से बदल गया है। मौसम विभाग ने राज्य के ऊंचे हिस्सों पर अगले पांच दिन तक मौसम के खराब रहने का पूर्वानुमान जताया है। इस दौरान तेज आंधी के साथ पानी बरसने और ओले गिरने का येलो अलर्ट जारी है। खासकर, शिमला, मनाली, सुंदरनगर, कुल्लू, लाहौल-स्पीति, कुंजुम दर्रा, और रोहतांग में बारिश के साथ ओले गिरे। वहीं, कुछ स्थानों पर फाहे तो कहीं बर्फ भी गिरी, जिससे लोगों को सर्दी का एहसास हुआ।
जम्मू-कश्मीर में मौसम कैसा है
उधर, जम्मू-कश्मीर में भी मौसम का मिजाज बदला हुआ है। कुछ ऊंचाई वाले भागों पर बर्फबारी और बारिश गिरने की चेतावनी है, जबकि कुछ भागों पर बारिश से मौसम बदला हुआ है और तापमान में बड़ी गिरावट देखी जा रही है, जिससे घाटी में लोगों को सर्दी का एहसास हो रहा है। आईएमडी के मुताबिक, पूरे राज्य में पांच से बारह डिग्री सेल्सियस तक तापमान गिरा है।

