दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर कांवड़ यात्रा पर रोक, पुलिसकर्मी भी तैनात; क्या वजह……..

देहरादून: दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर कांवड़ यात्रा और पैदल आवाजाही पर रोक लगा दी गई। तैनात पुलिसकर्मी लोगों को वैकल्पिक मार्ग से जाने के लिए कह रहे हैं।

गाजियाबाद में कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर कांवड़ यात्रा और पैदल आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित कर दिया गया है। डीसीपी ग्रामीण के निर्देश पर मंगलवार को यातायात पुलिस ने एक्सप्रेसवे पर विभिन्न स्थानों पर बैरियर और साइनेज बोर्ड लगाकर मार्ग को नियंत्रित किया। साथ ही पुलिसकर्मियों को तैनात कर श्रद्धालुओं को निर्धारित वैकल्पिक मार्गों की ओर भेजा गया।

एडीसीपी ट्रैफिक वरूण कुमार सिंह ने बताया कि दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे हाई-स्पीड कॉरिडोर है, जहां गाड़ियों की तेज रफ्तार के कारण कांवड़ियों का आवागमन सुरक्षा की दृष्टि से जोखिमभरा हो सकता है। इसी वजह से एक्सप्रेसवे पर कांवड़ यात्रा और पैदल चलने पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है। पुलिस लगातार श्रद्धालुओं को जागरूक कर रही है कि वह प्रशासन द्वारा निर्धारित कांवड़ मार्गों का ही इस्तेमाल करें।

कांवड़ियों से क्या अपील।
एडीसीपी ने सभी शिवभक्त कांवड़ियों से अपील की है कि वह एक्सप्रेसवे पर प्रवेश न करें और केवल निर्धारित रूट से ही अपनी यात्रा पूरी करें। वहीं आम गाड़ी चालकों से भी ट्रैफिक नियमों का पालन करने और पुलिस के निर्देशों का सहयोग करने का आग्रह किया गया है।

एडीसीपी ट्रैफिक का कहना है कि कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है और यातायात व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जा रही है, ताकि श्रद्धालुओं और आम लोगों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *