उत्तराखंड में मौसम अलर्ट: पहाड़ों में आज भी बारिश-बर्फबारी के आसार, कई जिलों में अलर्ट…….

देहरादून: तेज गर्जना, आकाशीय बिजली और 50 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से चल सकती हैं हवाएं, गर्मी से मिलेगी राहत
देहरादून। उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून की ओर से जारी ताजा पूर्वानुमान के अनुसार सोमवार को प्रदेश के कई पर्वतीय जिलों में मौसम खराब रहने की संभावना है। कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश, तेज गर्जना और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के आसार जताए गए हैं।

मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के कुछ हिस्सों में सोमवार को तेज गर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। मौसम में बदलाव के चलते तापमान में गिरावट आने और लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलने की संभावना है।

ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के आसार
पूर्वानुमान के अनुसार 3800 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी भी हो सकती है। इससे चारधाम यात्रा मार्गों और उच्च हिमालयी क्षेत्रों में ठंड बढ़ने की संभावना है।

मौसम विज्ञान केंद्र ने पर्वतीय जिलों के साथ-साथ मैदानी क्षेत्रों के लिए भी येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार कई स्थानों पर आकाशीय बिजली चमकने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।

प्रशासन ने लोगों से बरतने को कहा एहतियात
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, ऊंचे पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी है। वहीं पर्वतीय क्षेत्रों में यात्रा करने वाले यात्रियों और ट्रेकर्स को भी सतर्क रहने को कहा गया है।

पिछले कुछ दिनों से मैदानी क्षेत्रों में पड़ रही भीषण गर्मी के बीच मौसम में यह बदलाव राहत लेकर आ सकता है। बारिश और तेज हवाओं के कारण तापमान में गिरावट दर्ज होने की संभावना जताई गई है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *