उत्तराखंड में तीन दिन लंबे वीकेंड से जाम, थमे पहिए, पर्यटकों ने फुटपाथ पर गुजारी रात; तस्वीरों में देखिए हाल………

देहरादून: तीन दिनी लंबे वीकेंड के कारण उत्तराखंड के पर्यटन स्थल पैक हो गए हैं। शनिवार को मसूरी, नैनीताल, अल्मोड़ा, कैंचीधाम में सैलानियों का भारी सैलाब उमड़ पड़ा। पर्यटक वाहनों से सड़कें जाम हो गई। लोग घंटों ट्रैफिक में फंसे रहे।

पार्किंग स्थल पूरी तरह फुल हो चले हैं और यातायात व्यवस्था चरमरा गई है। मसूरी और नैनीताल में तो आलम ये रहा कि पर्यटकों को होटल में कमरे तक नहीं मिल पाए। कुछ पर्यटक लौट गए तो कुछ ने फुटपाथ पर रात गुजारी। शुक्रवार के बाद शनिवार को भी जाम का झाम लगा रहा है। रविवार को भी इसी तरह के हालत रहने की संभावना है।

पर्यटकों की भारी भीड़ के कारण शुक्रवार के बाद शनिवार को भी भीषण जाम लगा रहा, जिससे मसूरी-देहरादून मार्ग सहित कई सड़कें प्रभावित हुईं।

नैनीताल में भी तीन दिवसीय वीकेंड पर पर्यटकों की भारी भीड़ के कारण यातायात व्यवस्था चरमरा गई। शुक्रवार को कई पर्यटकों को रुकने के लिए कमरे तक नहीं मिले। उन्हें फुटपाथ पर रात गुजारनी पड़ी।

कैंची धाम में शनिवार सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी, जिससे व्यवस्थाएं चरमरा गईं। बाबा नींब करौरी आश्रम के मुख्य गेट तथा बाजार क्षेत्र में हजारों श्रद्धालु पहुंच गए। अफरातफरी जैसी व्यवस्था भी पैदा हो गई। गनीमत रही की मंदिर प्रबंधन व व्यवस्थाओं में तैनात सुरक्षाकर्मियों ने बामुश्किल व्यवस्था संभाली।

वीकेंड पर अल्मोड़ा के प्रसिद्ध जागेश्वर धाम में श्रद्धालुओं और पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ी, जिससे वाहनों का दबाव बढ़ गया। जाम में फंसे पर्यटकों और स्थानीय लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *