उत्तराखंड में पुष्पवर्षा के बीच ज्योतिर्मठ पहुंची बदरीनाथ की पावन डोली, श्रद्धालुओं ने किया भव्य स्वागत………
जोशीमठ: उत्तराखंड के प्रसिद्ध बदरीनाथ धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद होने के बाद भगवान बदरीविशाल की शीतकालीन पूजा परंपरा के अनुसार ज्योतिर्मठ में शुरू हो गई है। आज आदि गुरु शंकराचार्य भगवान की पावन गद्दी (डोली) और श्री गरुड़ जी महाराज की प्रतिमा वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ शीतकालीन पूजा स्थल श्री नरसिंह मंदिर परिसर, ज्योतिर्मठ पहुंची। नगर आगमन पर स्थानीय श्रद्धालुओं और नगरवासियों ने पुष्पवर्षा एवं मंगल ध्वनि के साथ डोली का भव्य स्वागत किया।
ज्योतिर्मठ पहुंचने पर धार्मिक अनुष्ठानों और पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उत्तराम्नाय ज्योतिष्पीठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती महाराज भी शुभ मुहूर्त में श्री नरसिंह मंदिर परिसर पहुंचे और विधि-विधान से पूजा संपन्न की।
वैदिक मंत्रोच्चार के साथ शंकराचार्य की गद्दी का स्वागत
बदरीनाथ धाम के कपाट बंद होने के बाद आदि गुरु शंकराचार्य भगवान की पावन गद्दी और श्री गरुड़ जी की प्रतिमा को ज्योतिर्मठ लाया गया।
नगरवासियों ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया।ज्योतिर्मठ में यह परंपरा धार्मिक आस्था और आध्यात्मिक महत्व से जुड़ी हुई है। हर वर्ष बदरीनाथ धाम के कपाट बंद होने के बाद भगवान की शीतकालीन पूजा ज्योतिर्मठ स्थित श्री नरसिंह मंदिर में होती है।

स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने की विशेष पूजा
ज्योतिष्पीठाधीश्वर जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती महाराज शुभ मुहूर्त में नरसिंह मंदिर पहुंचे। उन्होंने मंदिर परिसर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस दौरान ज्योतिर्मठ की मातृशक्ति की ओर से श्रद्धापूर्वक तैयार किए गए 1,000 रोट भगवान के श्रीचरणों में श्री विष्णु सहस्रनाम के पावन नामों के साथ समर्पित किए गए।
मंदिर परिसर के सभी देवस्थानों के किए दर्शन
पूजा-अर्चना के बाद शंकराचार्य जी ने मंदिर परिसर में स्थापित विभिन्न देवस्थानों के दर्शन किए। उन्होंने श्री गरुड़ जी, श्री गणेश जी, भगवान सूर्यदेव, माता महाकाली, भगवान शिव, श्री भैरव जी, मां नवदुर्गा भवानी, भगवान गौरी-शंकर, भगवान वासुदेव, क्षेत्रपाल भैरव, श्री तिमुंडिया वीर और श्री हनुमान जी महाराज के दर्शन कर पूजा की।
इसके बाद आदि गुरु शंकराचार्य भगवान की पावन गद्दी के समीप पहुंचे और गद्दी पूजन किया। गद्दी स्थल पर विराजमान होकर आदि गुरु शंकराचार्य भगवान की स्तुति का गान किया। इस दौरान अद्वैत वेदांत के सिद्धांत ‘ब्रह्म सत्यं जगन्मिथ्या’ का स्मरण किया गया।
मां महालक्ष्मी पूजन और सामूहिक आरती संपन्न
मां महालक्ष्मी के पूजन के बाद बदरीविशाल के शीतकालीन पूजा स्थल नरसिंह मंदिर में सामूहिक पूजा-अर्चना और आरती की गई। धार्मिक कार्यक्रम के समापन पर शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती महाराज ने श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के पदाधिकारियों, सदस्यों और उपस्थित श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया।
इस अवसर पर मंदिर समिति के प्रभारी राजेंद्र सेमवाल ने शंकराचार्य का स्वागत एवं अभिनंदन किया। कार्यक्रम में आचार्य कुशलानंद बहुगुणा, आचार्य सुशील डिमरी, रामप्रसाद थपलियाल, नरसिंह मंदिर महिला मंगल दल की सदस्याएं सहित बड़ी संख्या में स्थानीय श्रद्धालु और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
अगले छह महीने ज्योतिर्मठ में होगी भगवान बदरीविशाल की पूजा
बदरीनाथ धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद होने के बाद अब अगले छह महीने भगवान बदरीविशाल की नित्य पूजा-अर्चना ज्योतिर्मठ स्थित नरसिंह मंदिर परिसर में नियमित रूप से संपन्न होगी। इसी के साथ बदरीनाथ धाम की शीतकालीन धार्मिक परंपराओं का निर्वहन शुरू हो गया है। श्रद्धालु अब शीतकाल में ज्योतिर्मठ पहुंचकर भगवान बदरीविशाल की पूजा और दर्शन कर सकेंगे।

