उत्तराखंड में चुनाव से पहले पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल, कुमाऊं में 29 निरीक्षकों के तबादले………..

नैनीताल: उत्तराखंड में आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन- 2027 की तैयारियों के मद्देनजर पुलिस महकमे में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। पुलिस महानिरीक्षक कुमाऊं परिक्षेत्र निवेदिता कुकरेती ने 29 पुलिस निरीक्षकों के तबादले के आदेश जारी किए हैं। इन अधिकारियों को एक जनपद से दूसरे जनपद में स्थानांतरित किया गया है।

18 नवंबर 2026 को जारी आदेश के अनुसार, यह स्थानांतरण भारत निर्वाचन आयोग और राज्य शासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों के अनुपालन में किए गए हैं। निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाए रखने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है।
आदेश में बताया गया है कि ऐसे पुलिस निरीक्षक, जो पिछले चार वर्षों के दौरान एक ही जनपद में विधानसभा चुनाव अथवा उसके बाद हुए उपचुनाव में तैनात रहे हैं, उन्हें स्थानांतरित किया गया है।
तबादला सूची में नैनीताल, ऊधमसिंह नगर, अल्मोड़ा, बागेश्वर, चंपावत और पिथौरागढ़ जनपदों में तैनात निरीक्षक शामिल हैं। इनमें महिला निरीक्षक भी शामिल हैं। सभी संबंधित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नई तैनाती वाले जनपद में कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।

तबादला सूची में किसे कहां मिली तैनाती ?
ऊधमसिंह नगर में तैनात भूपेंद्र सिंह बृजवाल, धीरेंद्र कुमार, राजेंद्र सिंह डांगी और अशोक कुमार को नैनीताल भेजा गया है। हरेंद्र चौधरी, मनोहर दसौनी, प्रकाश सिंह, संजय पाठक और बिजेंद्र साह को चंपावत, बसंती आर्या और नरेश चौहान को अल्मोड़ा तथा श्याम सिंह रावत को बागेश्वर में तैनाती दी गई है।

नैनीताल में तैनात हरपाल सिंह को बागेश्वर और दिनेश सिंह फरत्याल को पिथौरागढ़ भेजा गया है। वहीं, अल्मोड़ा से देवेश कुमार पांडेय और मदन मोहन जोशी को नैनीताल, अशोक कुमार, हेम चंद्र पंत, देवेंद्र सिंह नेगी और योगेश उपाध्याय को ऊधमसिंह नगर तथा भुवन चंद्र जोशी को चंपावत भेजा गया है।

पिथौरागढ़ में तैनात संजीव कुमार का तबादला ऊधमसिंह नगर किया गया है। चंपावत से पुनीता बलोदी और बची सिंह बिष्ट को नैनीताल, जबकि चेतन रावत को ऊधमसिंह नगर भेजा गया है। बागेश्वर से कैलाश सिंह नेगी और श्वेता दिगारी को ऊधमसिंह नगर तथा सलाहुद्दीन और त्रिलोक राम बंगरेठा को नैनीताल में नई तैनाती दी गई है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *