उत्तराखंड में हरिद्वार अर्धकुंभ मेले के लिए यातायात प्रबंधन को सुचारु बनाने की कवायद तेज हो गई है, भेल के मैदानों में बनेंगे बस अड्डे और पार्किंग……..

हरिद्वार: अर्धकुंभ मेला क्षेत्र में व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के साथ ही यातायात प्रबंधन के लिए भी कवायद तेज हो गई है। इसी कड़ी में मध्य मार्ग के आसपास भेल क्षेत्र में स्थित खाली मैदानों को अर्धकुंभ की जरूरतों के अनुरूप तैयार किया जा रहा है। इन दिनों इन मैदानों में झाड़ियों की कटाई, साफ-सफाई और भूमि को समतल व व्यवस्थित करने का काम चल रहा है।

अर्धकुंभ के दौरान हरिद्वार में देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में शहर की सड़कों पर यातायात का दबाव बढ़ना स्वाभाविक है। श्रद्धालुओं और उनके वाहनों की आवाजाही को व्यवस्थित रखना मेला प्रशासन के सामने बड़ी चुनौती होगी। इसी को ध्यान में रखते हुए भेल के खाली मैदानों को उपयोग के लायक बनाया जा रहा है।

इन मैदानों का इस्तेमाल अर्धकुंभ के दौरान अलग-अलग व्यवस्थाओं के लिए किया जाएगा। कुछ स्थानों पर अस्थायी बस अड्डे विकसित किए जाने की योजना है, ताकि बाहर से आने वाली बसों को शहर के भीतर अनावश्यक प्रवेश न करना पड़े। वहीं, कुछ मैदानों को वाहनों की पार्किंग के लिए इस्तेमाल किया जाएगा।

इसके अलावा पुलिस और मेला प्रशासन की जरूरतों के मुताबिक भी इन स्थानों का उपयोग किया जा सकेगा। दरअसल, अर्धकुंभ के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए शहर के बाहरी और प्रमुख संपर्क मार्गों के आसपास पर्याप्त स्थान उपलब्ध होना जरूरी है।

भेल क्षेत्र के ये मैदान इस लिहाज से काफी उपयोगी साबित होंगे। वहीं, मेला एसएसपी आयुष अग्रवाल ने बताया कि निर्माणाधीन पुलिस लाइन, बैरकों आदि का निरीक्षण करते हुए सभी कार्य समय से पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *